Meerut News: ई-रिक्शा से धरना स्थल पहुंचे विनीत शारदा, सपा पर बोला तीखा हमला

Meerut News: भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ई-रिक्शा से मेरठ में धरना स्थल पहुंचे और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ईवी वाहनों के उपयोग का संदेश भी दिया।

Update:2026-05-14 16:26 IST

Meerut News

Meerut News: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा बुधवार को बैटरी चालित ई-रिक्शा से पूरे शहर का भ्रमण करते हुए भाजपा मेरठ महानगर और जिला इकाई द्वारा समाजवादी पार्टी के विरोध में आयोजित संयुक्त धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश भी दिया।

सभा को संबोधित करते हुए विनीत शारदा ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा की सोच “औरंगजेब, बाबर और जिन्ना जैसी विभाजनकारी मानसिकता” से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमीरपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल किसी दल के नेता नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्रधानमंत्री हैं। शारदा ने सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav से संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो यह माना जाएगा कि पार्टी नेतृत्व की सहमति से ही प्रधानमंत्री और सनातन संस्कृति के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है।

विनीत शारदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री मोदी उन्हीं आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार सनातन धर्म और हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने का कार्य कर रही है, जिसका जवाब जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के पेट्रोल-डीजल की बचत, विदेशी यात्राओं में कमी और भारत में डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने संबंधी संदेशों का समर्थन करते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इस अवसर पर उन्होंने अगले एक वर्ष तक विदेशी यात्रा न करने, सोना न खरीदने और केवल ईवी वाहन, मेट्रो, रैपिड रेल तथा ई-रिक्शा जैसे पर्यावरण हितैषी साधनों का उपयोग करने का संकल्प भी लिया।

Tags:    

Similar News