Mirzapur News: मिर्जापुर अधिवक्ता राजीव सिंह हत्याकांड: मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर पर NSA लागू
Mirzapur News: मिर्जापुर में अधिवक्ता राजीव सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर पर NSA की कार्रवाई। पुलिस ने लोक व्यवस्था के खतरे को देखते हुए लगाया रासुका।
Mirzapur News
Mirzapur News: शहर के कटरा थाना क्षेत्र स्थित सत्भाव नगर में अधिवक्ता राजीव सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के बहुचर्चित मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों और लोक व्यवस्था पर संभावित खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 की सुबह अधिवक्ता राजीव सिंह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान आरोपी राजेंद्र सोनकर ने कथित रूप से देसी तमंचे से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण राजीव सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस के अनुसार, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें पूरी वारदात कैद होने की बात कही गई है।
जांच के दौरान थाना कटरा में दर्ज हत्या के मुकदमे में आरोपी राजेंद्र सोनकर ने न्यायालय में जमानत याचिका दाखिल की। पुलिस ने आशंका जताई कि यदि आरोपी को जमानत मिलती है तो वह कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की संस्तुति पर जिला मजिस्ट्रेट ने 4 अगस्त 2026 को आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई का आदेश जारी किया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजेंद्र सोनकर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आयुध अधिनियम समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि रासुका लगाए जाने के बाद आरोपी की जमानत और रिहाई की प्रक्रिया पर भी कानूनी प्रभाव पड़ेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।