Mirzapur News: पहली ही बरसात नही झेल पाया ये पुल, धंसा ओवरब्रिज का एप्रोच रोड, उठे सवाल

Mirzapur News: मिर्जापुर में 43 करोड़ रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज से जुड़े एप्रोच रोड का हिस्सा पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। सेतु निगम ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया।

Update:2026-08-06 19:44 IST

पहली ही बरसात नही झेल पाया ये पुल, धंसा ओवरब्रिज का एप्रोच रोड, उठे सवाल (Photo- Newstrack)

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में करोड़ों रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज से जुड़ा एप्रोच रोड पहली ही बरसात नहीं झेल पाया। लगातार हो रही बारिश के बाद एप्रोच रोड के किनारे का हिस्सा ढह गया और सड़क में दरारें आ गईं। इसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल सेतु निगम ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।

43 करोड़ की लागत से बना है ओवरब्रिज

मिर्जापुर को चुनार और वाराणसी से जोड़ने के लिए आमघाट के पास सेतु निगम की ओर से 43 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है। इस ओवरब्रिज को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए करीब 80 लाख रुपये की लागत से एप्रोच रोड भी बनाया गया था। जनवरी में निर्माण कार्य पूरा हुआ और फरवरी में इस पुल को आम जनता के लिए खोल दिया गया।



पहली ही बरसात में सामने आई दिक्कत

पुल शुरू होने के करीब छह महीने बाद पहली ही बरसात में एप्रोच रोड पर समस्या सामने आ गई। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद एप्रोच रोड के किनारों पर दरारें पड़ने लगीं। इसके बाद सड़क का एक हिस्सा ढह गया। बताया गया कि यह हिस्सा बोल्डर के सहारे बनाया गया था, जो बारिश के पानी की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया।

भारी वाहनों के आवागमन पर लगाई जा रही रोक

एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के बाद सेतु निगम की ओर से ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो और मरम्मत का काम सुरक्षित तरीके से कराया जा सके।

आठ से दस दिन में होगी मरम्मत

सेतु निगम के सहायक अभियंता रियाज हुसैन ने बताया कि जनवरी में पुल का निर्माण पूरा हुआ था और फरवरी में इसे चालू किया गया। पुल को जोड़ने के लिए एप्रोच मार्ग बनाया गया था। लगातार बारिश के कारण मिट्टी धंसने से एप्रोच मार्ग के सेटलमेंट में दिक्कत आई है। उन्होंने कहा कि पानी निकलने की वजह से यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है और इसे आठ से दस दिन के भीतर ठीक करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज की लागत 43 करोड़ रुपये और एप्रोच मार्ग की लागत 80 लाख रुपये है।

Tags:    

Similar News