Moradabad News: कुंदरकी में PDA मिशन 2027 का आगाज, जैनुल आबेदीन ने दिखाई ताकत

Moradabad News: तुर्क बिरादरी के सम्मेलन में सपा नेता इकबाल कादरी ने ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर निशाना साधा, जैनुल आबेदीन ने टिकट मिलने पर सपा प्रत्याशी को जिताने की बात कही भी।

Update:2026-11-17 18:53 IST

Moradabad News: मुरादाबाद की 29 नंबर कुंदरकी विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। तुर्क मुस्लिम बाहुल्य इस सीट पर अब तक समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में जिया उर रहमान ने यहां से जीत दर्ज की थी, लेकिन उनके सीट छोड़ने के बाद हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के रामवीर सिंह ने जीत हासिल की। अब समाजवादी पार्टी ने PDA मिशन 2027 के तहत अपनी राजनीतिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कुंदरकी में तुर्क बिरादरी का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें सपा से टिकट के दावेदार जैनुल आबेदीन पाशा ने अपनी ताकत दिखाई। कार्यक्रम में सपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इकबाल कादरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

तुर्क बिरादरी के सम्मेलन से PDA मिशन का आगाज

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को एकजुट करने और 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संदेश देना रहा। कार्यक्रम के दौरान इकबाल कादरी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और आने वाले चुनाव का इंतजार कर रही है, ताकि अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके सरकार बदल सके।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर इकबाल कादरी का हमला

सम्मेलन में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर भी इकबाल कादरी ने अपनी बात रखी। उन्होंने इस गठबंधन को बीजेपी की सियासी रणनीति बताते हुए कहा कि इससे समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। ओवैसी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो ओवैसी पहले कहते थे कि अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, आज वही चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मुख्यमंत्री बनाने की बात ही करनी थी तो ओवैसी को खुद मुख्यमंत्री बनने की बात करनी चाहिए थी।

टिकट को लेकर जैनुल आबेदीन पाशा ने कही यह बात

सम्मेलन के जरिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे जैनुल आबेदीन पाशा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी तो सभी करते हैं, लेकिन अंतिम फैसला समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को करना है। वह जिसे भी टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारेंगे, उनकी पूरी ताकत उस उम्मीदवार को जिताने में लगेगी।

अब कुंदरकी विधानसभा सीट पर PDA सम्मेलन के जरिए शुरू हुई राजनीतिक गतिविधियों के बीच सभी की नजरें समाजवादी पार्टी के टिकट पर टिकी हैं। जैनुल आबेदीन पाशा की दावेदारी और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी किस चेहरे को उम्मीदवार बनाती है, इसका फैसला आने वाले समय में होगा।

Tags:    

Similar News