Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर मुठभेड़ में दो वाहन चोर घायल, पुलिस से बोले “बाबूजी माफ कर दो”
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो वाहन चोर घायल हो गए। पुलिस ने 6 बाइक और अवैध हथियार बरामद किए। जांच जारी है।
Muzaffarnagar News(Photo-Social Media)
Muzaffarnagar News: जनपद मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली पुलिस और वाहन चोरों के बीच गुरुवार को उस समय मुठभेड़ हो गई जब पुलिस दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो शातिर वाहन चोर पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
घायल बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर “बाबूजी माफ कर दो” कहते हुए गिड़गिड़ाते नजर आए। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश कुकड़ी ग्राउंड स्थित एक खंडहर में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर उन्हें बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर नई मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खंडहर की घेराबंदी की और बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की।
दो शातिर वाहन चोर घायल
घायल आरोपियों की पहचान मोनू कुमार (मिर्जा टीला, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर) और मुराद अली (लक्सर, उत्तराखंड) के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने मौके से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें, 2 अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और 3 मास्टर चाबियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी इन चाबियों की मदद से कई जिलों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और वाहनों को खंडहर में छिपाकर बाद में बेच देते थे।
अन्य साथियों की तलाश जारी
पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और चोरी के वाहनों के संभावित खरीदारों की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।