Pilibhit: पीलीभीत में डीजे डांस पर विवाद से खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज और वीडियो वायरल
Pilibhit News : शादी समारोह में डीजे पर डांस के दौरान विवाद बढ़कर मारपीट में बदला, दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Pilibhit wedding fight News
Pilibhit News : पीलीभीत में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना थाना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गुटैया गांव की है। जानकारी के अनुसार 13 मई की रात गांव निवासी फूलचंद की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी समारोह में छत्रपति शिवाजी कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय राजन अपने परिवार के साथ शामिल होने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि राजन के पिता दीनानाथ के साढ़ू फूलचंद की बेटी की शादी थी।
शादी समारोह में डीजे पर डांस करने के दौरान राजन के दोस्त और गांव के अमन पुत्र राकेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला शांत करा दिया गया, लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद राकेश, उसका पुत्र अमन, चमन, राकेश की पुत्री अंशिका और उसके पति प्रदीप समेत अन्य लोगों ने राजन पर हमला कर दिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और बाद में बांके से सिर पर हमला कर राजन को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल राजन को थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने राजन और उसके परिवार के तीन नामजद तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं राजन के परिवार का आरोप है कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने बिना तहरीर लिए सिर्फ एक नामजद आरोपी राकेश के खिलाफ मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष को शादी में आमंत्रित नहीं किया गया था, बावजूद इसके वे समारोह में पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया।वहीं आरोपी राकेश की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में दावा किया गया है कि उसके सिर और होंठ पर चोट आई है, जबकि उसके पुत्र अमन के सिर में गंभीर चोट लगी है। हालांकि परिवार का कहना है कि अमन सामान्य रूप से घूमता दिखाई दे रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।इस मामले में सुकीर्ति माधव ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।