Raebareli News: विश्व रक्तदाता दिवस पर अस्पताल में मेगा रक्तदान शिविर, सैकड़ों लोगों ने किया रक्तदान

Raebareli News: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रायबरेली जिला अस्पताल में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सैकड़ों लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

Update:2026-06-14 12:51 IST

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल रायबरेली में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

मेगा रक्तदान शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों के जवानों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदाताओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान की महत्ता और बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से वर्ष में नियमित अंतराल पर रक्तदान करने का आह्वान किया। रक्तदान करने पहुंचीं शिक्षिका मधुलिका ने कहा कि "रक्तदान महादान है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। हमारे द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।" उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की।

शिविर में शामिल सीएसएफ के जवानों ने भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल समाज सेवा का माध्यम है बल्कि इससे शरीर स्वस्थ और सक्रिय भी रहता है। जवानों ने युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने का आह्वान किया। दिनभर चले इस रक्तदान शिविर में सैकड़ों लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की और जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने के इस अभियान में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। आयोजन ने समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया

Tags:    

Similar News