Raebareli: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, बिना फिटनेस स्कूल वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई
Raebareli News: रायबरेली में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने सख्त निर्देश दिए हैं। बिना फिटनेस और जरूरी दस्तावेजों वाले स्कूल वाहनों पर कार्रवाई होगी।
Raebareli News
Raebareli News: जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विद्यालयों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्कूल वाहनों की फिटनेस, वैध दस्तावेज, चालक-परिचालकों के सत्यापन और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और आवश्यक अभिलेखों के कोई भी स्कूली वाहन सड़क पर संचालित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि बच्चों के परिवहन में लगाए गए वाहन शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।बैठक में डीएम ने स्कूल वाहनों के चालक और परिचालकों का पुलिस सत्यापन तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित ढंग से विद्यालय लाने-ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधनों को अभिभावकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को किसी भी अनधिकृत या असुरक्षित निजी वाहन से विद्यालय न भेजें। साथ ही नाबालिग बच्चों को स्वयं वाहन चलाकर स्कूल आने की अनुमति न दी जाए। यदि कोई छात्र स्वयं वाहन चलाकर विद्यालय आता है तो उसका वाहन परिसर में पार्क न कराया जाए और अभिभावकों को तुरंत सूचित किया जाए।
डीएम ने ई-रिक्शा से बच्चों के स्कूल आने-जाने पर पूर्ण प्रतिबंध का भी कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्रशासन, विद्यालय और अभिभावकों की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित वाहन जांच, प्रवर्तन कार्रवाई और जागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जाएंगे।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र, एआरटीओ (प्रशासन) अरविंद कुमार, एआरटीओ (प्रवर्तन) उमेश चन्द्र कटियार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के संचालक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।