Raebareli News: रायबरेली में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, मंत्री ने दिए ₹21 हजार के चेकरायबरेली में मेधावी छात्र

Raebareli News : रायबरेली में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, मंत्री मनोज पांडेय ने ₹21-21 हजार की प्रोत्साहन राशि सौंपी।

Update:2026-06-01 14:53 IST

Raebareli News  

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के ​रायबरेली जनपद के विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में राज्य सरकार की ओर से एक विशेष 'मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में जिले का नाम रोशन करने वाले उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय द्वारा सम्मानित किया गया। ​मंत्री ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र और ₹21-21 हजार की प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

​24 मेधावी छात्रों को मिला सम्मान

​प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मेरिट के आधार पर जिले के कुल 24 बच्चों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया था:​राज्य स्तर पर सम्मान: रायबरेली की टॉप-10 सूची में शामिल 3 मेधावी विद्यार्थियों को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित मुख्य समारोह में पहले ही सम्मानित किया जा चुका है।

​जिला स्तर पर सम्मान: शेष 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को आज जिला स्तर पर आयोजित इस समारोह में सम्मानित किया गया। ​मंत्री ने घोषणा की कि सभी बच्चों के बैंक खातों में ₹21,000-₹21,000 की प्रोत्साहन राशि आज ही ट्रांसफर करने की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस बार सम्मानित होने वाले बच्चों ने 91.2% से लेकर 96.7% तक शानदार अंक हासिल किए हैं।

"अभावों को मात देकर बेटियों ने मारी बाजी"

​कैबिनेट मंत्री ने मेधावियों की पृष्ठभूमि पर विशेष खुशी जताते हुए कहा कि, ​"ये बच्चे किसी महंगे कॉन्वेंट स्कूल के नहीं हैं, बल्कि सरकारी स्कूलों और सरस्वती शिशु मंदिर जैसे संस्थानों के हैं। इन्होंने तमाम अभावों के बावजूद अपने कड़े संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। मुझे इस बात का बेहद गर्व है कि इस बार सूची में सबसे ज्यादा संख्या हमारी बेटियों की है।"​उन्होंने विशेष रूप से ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए बताया कि अकेले उस क्षेत्र से करीब 6 से 7 बच्चों ने इस गौरवशाली सूची में अपनी जगह बनाई है।

"अब शाम को भी बेखौफ निकल रहीं बेटियां"

​समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सूबे में अब अपराध और अपराधियों के भीतर कानून का डर साफ देखा जा सकता है। ​"घटनाएं इदा-कदा (कभी-कभार) होती हैं, लेकिन सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और त्वरित कड़ी कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण है। अपराधों में आई भारी गिरावट के कारण ही आज राज्य में पढ़ाई का एक सुरक्षित माहौल बना है, जिससे हमारी बेटियां अब शाम के बाद भी बेखौफ होकर घर से बाहर निकल पा रही हैं।"

​शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा है ऐतिहासिक सुधार

​मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश व प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। प्राइमरी से लेकर हायर एजुकेशन तक के लिए कई हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, ताकि स्कूलों के बुनियादी ढांचे और शिक्षकों की गुणवत्ता को और बेहतर किया जा सके।

​उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षक और चिकित्सक केवल वेतनभोगी नहीं होते, बल्कि वे राष्ट्र के नव-सृजन के असली शिल्पकार हैं। उन्होंने बच्चों की इस सफलता के लिए उनके माता-पिता और गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

​कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

​इस गरिमामयी समारोह में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अंजू लता, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) संजीव कुमार सिंह समेत शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के कई आला अधिकारी व कर्मचारियों के साथ-साथ भारी संख्या में अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News