Raebareli News: : रायबरेली मे पल्स पोलियो अभियान 2026 शुरू, 3.67 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

Raebareli News: रायबरेली में पल्स पोलियो अभियान 2026 की शुरुआत, 3.67 लाख से अधिक बच्चों को जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य, डीएम ने किया शुभारंभ।

Update:2026-06-28 14:01 IST

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने फीता काटकर अभियान का उद्घाटन किया और नन्हे बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को गोद में लेकर अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील भी की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि 28 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के 3,67,432 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन जिले के 1,672 बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया गया। इसके बाद 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो बूथों तक नहीं पहुंच सके। वहीं 6 जुलाई को बी-टीम गतिविधि के माध्यम से छूटे हुए बच्चों को कवर किया जाएगा।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए जिलेभर में 1,600 से अधिक बूथ और 1,100 से अधिक स्वास्थ्य टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा बूथ पर दवा नहीं पी सका है, तो घर-घर पहुंचने वाली टीमों का सहयोग करें और बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ परिवार अब भी वैक्सीन लगवाने से बचते हैं, जबकि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। पोलियो एक खतरनाक और अपंगता पैदा करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और किसी भी बच्चे को पोलियो की दवा से वंचित न रहने दें।

Tags:    

Similar News