Raebareli News: कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई पुलिस भर्ती परीक्षा
Raebareli News : रायबरेली में पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू, 11 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा, प्रशासन पूरी तरह सतर्क।
Raebareli UP Police Exam 2026
Raebareli News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार से शुरू हो गई। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है।जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक पाली में 3,744 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों के आधार कार्ड का सत्यापन किया जा रहा है तथा सघन तलाशी के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन तथा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा में नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।