यूपी में राहुल गांधी का चुनावी शंखनाद! साथ होंगे खरगे-प्रियंका, इस जिले से भरेंगे हुंकार
Rahul Gandhi Saharanpur Rally: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राहुल गांधी 10 दिसंबर को सहारनपुर से कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। उनके साथ मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा भी चुनावी सभाएं कर सकते हैं।
Rahul Gandhi
Rahul Gandhi Saharanpur Rally: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जारी राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी अपने बड़े चेहरों को मैदान में उतारकर प्रदेश में माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 10 दिसंबर को सहारनपुर से कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की चुनावी सभाओं का कार्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है।
चुनावी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अहम बैठक हुई। इसमें यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हुए। बैठक में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैलियों के अलावा खरगे और प्रियंका गांधी के चुनावी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस फिलहाल शुरुआती दौर की जनसभाओं और रैलियों का कार्यक्रम तैयार कर रही है। यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेता चुनाव प्रचार के लिए समय देने को तैयार हैं। इनमें मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने हालांकि स्पष्ट किया कि प्रचार अभियान का पूरा कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। इस संबंध में शनिवार को दिल्ली में एक और बैठक प्रस्तावित है। इसमें चुनावी रणनीति और नेताओं के दौरे को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। गठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा तय होने के बाद प्रचार अभियान की रूपरेखा में बदलाव भी संभव है।
खरगे के आवास पर राहुल-प्रियंका के साथ हुई चर्चा
लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद दिल्ली पहुंचे। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर चुनावी रणनीति को लेकर बैठक हुई। इस चर्चा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं।
बैठक में उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रचार को धार देने के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस की कोशिश है कि चुनावी अभियान को समय रहते गति दी जाए और पार्टी के प्रमुख नेताओं की रैलियों के जरिए प्रदेश में संगठन को सक्रिय किया जाए।
सांसद राकेश राठौर की नाराजगी से बढ़ी संगठन की चिंता
एक तरफ कांग्रेस चुनावी तैयारियों में जुटी है, तो दूसरी ओर पार्टी के भीतर नाराजगी की खबरें भी सामने आ रही हैं। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं।
राठौर का आरोप है कि बीते पांच महीनों में राजेंद्र पाल गौतम ने उनसे मुलाकात करने या उनकी राय जानने के लिए पांच मिनट का समय तक नहीं निकाला। संगठन सृजन अभियान में सांसदों को शामिल नहीं किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।
बताया जा रहा है कि इसी नाराजगी के चलते राकेश राठौर गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुए। ऐसे समय में उनकी नाराजगी सामने आई है, जब कांग्रेस प्रदेश में चुनावी जमीन मजबूत करने और संगठन को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। पार्टी के सामने चुनौती सिर्फ बड़े नेताओं की रैलियों का कार्यक्रम तय करना नहीं, बल्कि चुनाव से पहले अंदरूनी मतभेदों को दूर करना भी है।