राम मंदिर में करोड़ो का दान बना पहेली! महिला ने दिया 4 करोड़ का चेक लेकिन...ट्रस्ट का चकराया सिर
Ram Mandir 4 crore Cheque Bounce: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को चेन्नई की एक महिला ने 4 करोड़ रुपये का चेक दान में दिया, लेकिन बैंक खाते में महज 3 रुपये मिले। अपर्याप्त बैलेंस के कारण चेक बाउंस हो गया, अब पूरे मामले पर ट्रस्ट की नजर है।
Ram Mandir 4 crore Cheque Bounce: अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ी एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। रामलला के दरबार में समर्पण की भावना से चेन्नई से आई एक महिला श्रद्धालु ने मंदिर के कर्मचारियों की भलाई के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि का चेक सौंपा था।
जब ट्रस्ट प्रबंधन ने इस चेक को भुनाने के लिए बैंक में जमा कराया, तो सामने आई सच्चाई ने अधिकारियों के होश उड़ा दिए। बैंक की आधिकारिक जांच प्रक्रिया के दौरान महिला श्रद्धालु के संबंधित बैंक खाते में कुल जमा राशि महज 3 रुपये पाई गई। पर्याप्त बैलेंस न होने की वजह से 4 करोड़ रुपये का यह विशालकाय चेक तुरंत बाउंस हो गया।
दान के साथ रखी थी विशेष शर्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेन्नई की इस महिला श्रद्धालु की मंशा थी कि उनके द्वारा दान में दी जा रही 4 करोड़ रुपये की यह बड़ी रकम विशेष तौर पर मंदिर परिसर में दिन-रात सेवा देने वाले कर्मचारियों की सुविधाओं और उनके कल्याण पर ही खर्च की जाए।
महिला ने इस संबंध में मंदिर ट्रस्ट से एक लिखित गारंटी पत्र भी मांगा था। हालांकि, प्रक्रियागत नियमों के तहत ट्रस्ट द्वारा ऐसा कोई लिखित पत्र देने से इनकार किए जाने की बात कही जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि इस विवाद के बीच महिला ने मंदिर के मुख्य दानपात्र में अलग से 10 हजार रुपये का नकद दान भी अर्पित किया था।
बैंक भेजेगा कानूनी नोटिस
इतनी बड़ी धनराशि का चेक अनादरित (बाउंस) होने के बाद अब संबंधित बैंक महिला श्रद्धालु के खिलाफ सख्त रुख अपनाने जा रहा है। बैंक नियमों के तहत महिला को आधिकारिक नोटिस जारी कर यह जवाब मांगा जाएगा कि पर्याप्त बैलेंस न होते हुए भी इतनी बड़ी रकम का चेक क्यों जारी किया गया।
दूसरी ओर, चेक बाउंस के कानूनी प्रावधानों के बावजूद मंदिर ट्रस्ट फिलहाल पूरे मामले को शांति से सुलझाने के प्रयास में जुटा है। ट्रस्ट के प्रतिनिधि महिला श्रद्धालु से संपर्क साधकर स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे वाकये पर अभी तक ट्रस्ट की तरफ से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
निधि समर्पण अभियान में भी बाउंस हुए थे 100 करोड़ के चेक
राम मंदिर के इतिहास में यह पहली बार नहीं है जब चेक बाउंस होने का कोई मामला चर्चा में आया हो। साल 2020 में मंदिर निर्माण के लिए चलाए गए 45 दिवसीय 'निधि समर्पण अभियान' के दौरान करीब 3,500 करोड़ रुपये का विशाल फंड जुटाया गया था।
उस समय तकनीकी खामियों और खातों में गड़बड़ी की वजह से लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य के चेक रिजेक्ट हो गए थे। हालांकि, बाद में ज्यादातर चेक की भरपाई कर ली गई थी, लेकिन करीब 22 करोड़ रुपये की रिकवरी अब भी पेंडिंग बताई जाती है। फिलहाल राम मंदिर को हर महीने 3 से 4 करोड़ रुपये का दान मिलता है, जिसमें से 1 से 1.5 करोड़ रुपये चेक के जरिए आते हैं। 4 करोड़ के इस ताजा वाकये के बाद अब ट्रस्ट बड़ी रकम के दान पर खास सतर्कता बरत रहा है।