Saharanpur News: सहारनपुर में मौसम का कहर, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से आम की फसल को भारी नुकसान
Saharanpur News: सहारनपुर में तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि के कारण आम और लीची की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई क्षेत्रों में 80 से 90 प्रतिशत तक फसल प्रभावित हुई है।
Saharanpur News
Saharanpur News: आम उत्पादन के लिए प्रसिद्ध सहारनपुर जिले में इस वर्ष मौसम की बेरुखी ने किसानों और बाग स्वामियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। लगातार बदलते मौसम, तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि के कारण आम और लीची की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बागों में बड़ी संख्या में फल समय से पहले गिर गए हैं, जिससे किसानों, बाग मालिकों और ठेकेदारों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के चलते जिले भर में आम और लीची की फसल प्रभावित हुई है। तेज हवाओं और बार-बार मौसम बदलने के कारण फसलों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां और कीटों का प्रकोप भी बढ़ा है, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया है।उन्होंने बताया कि पिछले 15 से 20 दिनों के दौरान विभागीय टीमों ने जिले के विभिन्न विकासखंडों का निरीक्षण किया। तीतरो, इस्लामनगर, महीनाजपुर सहित कई क्षेत्रों में बागों का जायजा लेने पर पाया गया कि कुछ स्थानों पर 80 से 90 प्रतिशत तक फसल नष्ट हो गई है। वहीं पूरे जिले में औसतन 50 से 60 प्रतिशत नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार कई इलाकों में तेज तूफान के चलते आम और लीची के पेड़ तक उखड़ गए, जिससे फलों को बचाना संभव नहीं हो सका। बागों में बड़ी मात्रा में कच्चे आम जमीन पर गिरे हुए दिखाई दिए, जो किसानों के लिए भारी नुकसान का संकेत हैं।उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों, बाग स्वामियों और ठेकेदारों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके। किसानों का कहना है कि इस बार की फसल से उन्हें काफी उम्मीदें थीं, लेकिन मौसम की मार ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। अब वे प्रशासन और सरकार से राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं।