Saharanpur News: प्रेम प्रसंग के विवाद में दो छात्राओं ने लगाई फांसी, एक की मौत, दूसरी की बची जान
Saharanpur News: सहारनपुर में दो छात्राओं ने कथित तौर पर जान देने का प्रयास किया। एक की मौत हुई, जबकि दूसरी को समय रहते बचा लिया गया। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
Saharanpur News: सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित मोहल्ला मंदिर में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा का फंदा खुल जाने से उसकी जान बच गई। दूसरी छात्रा के गले पर फंदे के निशान भी मिले हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों छात्राओं के एक युवक के घर पहुंचने की बात सामने आई।
युवक के घर पहुंचने पर घबराईं छात्राएं
परिजन जब युवक के घर पहुंचे तो वहां बाहर लोगों की भीड़ देखकर अंदर मौजूद दोनों छात्राएं घबरा गईं। इसके बाद दोनों ने स्कूल के दुपट्टे से फंदा लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों छात्राओं को देखा और पुलिस को सूचना दी।
इस घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा का फंदा खुल गया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने दूसरी छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
क्षेत्राधिकारी सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि थाना चिलकाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला मंदिर जी, सुल्तानपुर में एक युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के चलते छात्रा द्वारा फांसी लगाकर जान देने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद युवक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले में परिजनों से तहरीर प्राप्त की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।