Sambhal News: संभल में 46 साल बाद खुले कार्तिकेय महादेव मंदिर के कपाट, उमड़े श्रद्धालु
Sambhal News: मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान कार्तिकेय का जलाभिषेक और दूधाभिषेक किया गया। मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगे फूलों और धार्मिक झंडों से सजाया गया था।
By : Satish Siingh
Update:2025-07-23 12:14 IST
Sambhal News
Sambhal News: जिले में बुधवार को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण देखने को मिला, जब 46 वर्षों बाद कार्तिकेय महादेव मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए गए। मंदिर खुलने के इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पूजा-अर्चना के दौरान एसडीएम विकास चंद्र, नगर हिंदू सभा अध्यक्ष कमलकांत तिवारी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ मंदिर पहुंचे।
मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान कार्तिकेय का जलाभिषेक और दूधाभिषेक किया गया। मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगे फूलों और धार्मिक झंडों से सजाया गया था। श्रद्धालु घंटों पहले से मंदिर में दर्शन के लिए एकत्रित होने लगे थे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूजा के बाद मंदिर में प्रसाद वितरण भी किया गया।
एसडीएम विकास चंद्र ने कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संभल की सांस्कृतिक धरोहर के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने मंदिर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर हिंदू सभा अध्यक्ष कमलकांत तिवारी ने बताया कि वर्षों से बंद इस मंदिर को समाज के सहयोग से पुनः शुरू किया गया है।
स्थानीय लोगों ने मंदिर के दोबारा खुलने को एक शुभ संकेत बताते हुए इसे श्रद्धा और विश्वास की जीत कहा। श्रद्धालुओं ने भविष्य में नियमित पूजा और उत्सवों के आयोजन की भी मांग की। मंदिर के खुलने से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण और आस्था का संचार हुआ है।