Santkabirnagar News: सीएम योगी आदित्यनाथ का संतकबीरनगर दौरा, शहर को देंगे 567 करोड़ की सौगात
Santkabirnagar News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल संतकबीरनगर पहुंचेंगे, 38 परियोजनाओं का लोकार्पण और 81 का शिलान्यास करेंगे, कुल 567.76 करोड़ की सौगात मिलेगी।
संतकबीरनगर को 567 करोड़ की सौगात, 119 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण (Photo- Newstrack)
Santkabirnagar News: संतकबीरनगर में कल विकास की कई बड़ी योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय दौरे पर संतकबीरनगर पहुंचेंगे। इस दौरान वह जिले में 567 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत वाली कुल 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
38 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
प्रशासनिक सूत्रों और आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे। स्टेडियम में बनाए गए अस्थाई हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री विशाल जनसभा और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह जिले में पूरी हो चुकी 38 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और इन्हें जनता को समर्पित करेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 81 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं की शुरुआत के बाद जिले में आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।
खलीलाबाद और मेंहदावल को मिलेंगी बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सबसे ज्यादा परियोजनाएं खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हैं। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 70 परियोजनाओं को शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं पर करीब 272 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 49 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन पर कुल 294 करोड़ 80 लाख रुपये का निवेश किया जाएगा। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में विकास कार्य होने से स्थानीय स्तर पर लोगों को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
सड़क, पुल और पेयजल से जुड़ी योजनाएं शामिल
इन विकास परियोजनाओं में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण, पुलों और पुलियों का जीर्णोद्धार, पेयजल योजनाएं और सार्वजनिक ढांचे से जुड़े कई काम शामिल हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों के आवागमन को बेहतर बनाने के साथ ही बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का मानना है कि सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े काम पूरे होने के बाद आवागमन आसान होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन मुस्तैद
मुख्यमंत्री के संतकबीरनगर दौरे की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मुख्यमंत्री के दौरे के समय और तैयारियों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खलीलाबाद और मेंहदावल क्षेत्र को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है।
कार्यक्रम स्थल काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। इसके अलावा बैरिकेडिंग, पार्किंग और हेलीपैड से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
विकास परियोजनाओं को लेकर जिले में उत्साह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे और 119 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास को लेकर संतकबीरनगर में उत्साह का माहौल है। 567 करोड़ 76 लाख रुपये की इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, पुल, पेयजल और सार्वजनिक ढांचे से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री के कल होने वाले कार्यक्रम पर टिकी हैं।