Sant Kabir Nagar News: न्याय न मिलने से आहत परिवार के 4 लोगों ने की आत्मदाह की कोशिश, मची अफरा-तफरी

Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर कलेक्ट्रेट परिसर में न्याय न मिलने से आहत एक ही परिवार के चार लोगों ने आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस और अधिकारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

Update:2026-07-29 16:34 IST

Sant Kabir Nagar News

Sant Kabir Nagar News: जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के चार सदस्यों ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। कलेक्ट्रेट में मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को समय रहते सुरक्षित रोक लिया। इसके बाद अधिकारियों द्वारा करीब एक घंटे तक की गई समझौता-वार्ता और समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद मामला शांत हुआ और स्थिति नियंत्रण में आई।

आत्मदाह का प्रयास करने वालों की पहचान बलराम गुप्ता, संजू गुप्ता और विवेक के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।पीड़ित बलराम गुप्ता ने अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि वह दीघा बाईपास के पास फुटपाथ पर फल और जूस की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका कहना है कि विजय उर्फ बंटी ठाकुर नाम का दबंग, दुकान लगाने को लेकर आए दिन उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता है।

पीड़ित का गंभीर आरोप है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, बल्कि उसके दबाव में आकर उल्टा पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित कर रही है। कई बार थाने और चौकी के चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो पुलिस की इस अनदेखी से तंग आकर उन्होंने परिवार सहित कलेक्ट्रेट पहुंचकर यह खौफनाक कदम उठाया।मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा पूर्व में भी मारपीट की शिकायत दी गई थी। पीड़ित से प्राप्त नवीन शिकायती पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया गया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News