Sant Kabir Nagar News: टीशू पेपर की आड़ में 50 लाख का गांजा बरामद, पंजाब ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टीशू पेपर की आड़ में ले जाया जा रहा 50 लाख रुपये का गांजा बरामद किया। दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार हुए।

Update:2026-08-13 16:16 IST

Sant Kabir Nagar News(Photo-Social Media)

Sant Kabir Nagar News: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली खलीलाबाद, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने एनएच-27 पर मगहर पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान टीशू पेपर के बंडलों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त अशोका लीलैंड डीसीएम वाहन को सीज करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चंचल सिंह (निवासी लुधियाना, पंजाब) और राहुल (निवासी लुधियाना, पंजाब) के रूप में हुई है।

पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से उड़ीसा के स्थानीय संपर्कों से गांजा खरीदकर उसे पंजाब में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे। श्रावण मास के कारण प्रयागराज मार्ग पर कांवड़ियों की भारी भीड़ और कड़ी बैरिकेडिंग से बचने के लिए उन्होंने अपना पारंपरिक रूट बदलकर बनारस से गोरखपुर होते हुए पंजाब जाने का रास्ता चुना था, लेकिन मगहर पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की सतर्कता से पकड़े गए।

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से गांजे के अलावा 03 मोबाइल, 05 ड्राइविंग लाइसेंस, 01 एटीएम, 01 पैन कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में थाना कोतवाली खलीलाबाद पर मु0अ0सं0 746/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। तस्करों की इस गिरफ्तारी और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Tags:    

Similar News