Sant Kabir News: ई-रिक्शा में झपटमारी करने वाले शातिर अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर पुलिस ने ई-रिक्शा और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

Update:2026-05-19 15:44 IST

Sant Kabir Nagar News

Sant Kabir Nagar News: जनपद संतकबीरनगर पुलिस को झपटमारी करने वाले एक बड़े अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने जाल बिछाकर गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़िता से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार (UP 53 FA 7810) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिराना ढंग से काम करता था। 15 मई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे भुजैनी निवासी सचिदानन्द त्रिपाठी की पत्नी श्रीमती रीता त्रिपाठी ऑटो-रिक्शा से महादेवा बाजार (बस्ती) अपनी रिश्तेदारी में जा रही थीं। कांटे पुलिस चौकी से आगे बूँधा प्राइमरी स्कूल के पास ई-रिक्शा में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने जानबूझकर उनके ऊपर गिरने का बहाना बनाया और उन्हें पकड़ने लगीं। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और तुरंत ई-रिक्शा से उतर गईं। इसके बाद वे पीछे से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में बैठकर फरार हो गईं।

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सूती मिल मगहर के दक्षिणी तिराहे (मोहम्मदपुर कठार) के पास घेराबंदी कर आज, 19 मई 2026 को सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो ई-रिक्शा, टेम्पो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भोली-भाली महिलाओं को चिह्नित कर उनके आभूषण चोरी करता है। गिरोह का मुख्य सदस्य राजेश यादव इन महिलाओं को लाने-ले जाने और फरार होने के लिए कार व ड्राइवर की व्यवस्था करता था। घटना के दिन भी राजेश ने नेहा को कार में बैठाया था, जबकि अनिता, आरती और मुस्कान ने ई-रिक्शा में बैठकर घटना को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपी

 राजेश यादव (पुत्र रामानंद) – निवासी बाछापार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर (मुख्य साजिशकर्ता)

अनिता (पत्नी राकेश) – निवासी लक्ष्मीपुर, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर

मुस्कान उर्फ आंचल (पत्नी मेजर) – निवासी लक्ष्मीपुर, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर

आरती (पत्नी राजकुमार) – निवासी कोहरा, थाना गोला, जनपद गोरखपुर

 नेहा (पत्नी विकास) – निवासी लखनापार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर

इस सराहनीय और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली खलीलाबाद पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी, उपनिरीक्षक धर्मनाथ यादव, कांस्टेबल बलिराम यादव, मुकेश यादव, दुर्गेश कुमार वर्मा, आशुतोष सिंह तथा महिला कांस्टेबल गुंजन पाण्डेय और पूजा देवी शामिल रहीं।सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News