Shravasti News: स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल, CMO कार्यालय और अस्पताल में अव्यवस्था

Shravasti News: श्रावस्ती के CMO कार्यालय और जिला अस्पताल भिनगा में साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की व्यवस्था को लेकर लोगों ने चिंता जताई, समय पर सेवाएं मिलने की भी मांग उठी।

Update:2026-07-06 22:17 IST

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल, CMO कार्यालय और अस्पताल में अव्यवस्था (Photo- Newstrack)

Shravasti News: श्रावस्ती में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जिला संयुक्त अस्पताल भिनगा के साथ-साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की हालत भी बदहाल बताई जा रही है। साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर मरीजों और उनके परिजनों ने नाराजगी जताई है। करोड़ों रुपये की सरकारी योजनाओं के दावों के बीच जमीनी स्थिति लोगों को परेशान कर रही है।

CMO कार्यालय में गंदगी और अव्यवस्था से लोग परेशान

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में जगह-जगह पान-मसाले की पीक और कचरा फैला हुआ दिखाई दे रहा है। कार्यालय आने वाले मरीजों के तीमारदारों और आम लोगों का कहना है कि यहां साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। भीषण गर्मी के बावजूद पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत कक्ष के बाहर भी अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है, जिससे कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिला संयुक्त अस्पताल भिनगा में भी बदहाल व्यवस्थाएं

जिला संयुक्त अस्पताल भिनगा में भी हालात चिंताजनक बताए जा रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी, वार्ड और पूरे परिसर में जगह-जगह कचरा पड़ा हुआ है। शौचालयों की सफाई भी संतोषजनक नहीं है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल में बैठने की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। इलाज के लिए आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को घंटों खड़े रहना पड़ता है या फिर जमीन पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अस्पताल में उपलब्ध बेंचों की संख्या जरूरत के मुकाबले काफी कम बताई जा रही है।

समय से पहले ड्यूटी छोड़ने का भी आरोप

मरीजों का आरोप है कि कई डॉक्टर और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ही अपनी ड्यूटी छोड़कर चले जाते हैं। दोपहर के बाद अस्पताल के कई कमरों पर ताले लटक जाते हैं। ऐसे में दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को बिना उपचार के वापस लौटना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ जाती हैं।

मरीजों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की यह स्थिति है तो गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों का कहना है कि गरीब मरीज आखिर इलाज के लिए कहां जाएं, जब जिला स्तर पर ही व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं।

लोगों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

समाजसेवियों और आम लोगों ने जिलाधिकारी श्रावस्ती तथा स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और जिला संयुक्त अस्पताल भिनगा में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। मरीजों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। डॉक्टरों और कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति तथा समयबद्ध ड्यूटी लागू की जाए। साथ ही औचक निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

फिलहाल इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका है।

Tags:    

Similar News