Shravasti News: ऑपरेशन कन्विक्शन में श्रावस्ती पुलिस को बड़ी सफलता, दो मामलों में पांच अभियुक्तों
Shravasti News: श्रावस्ती पुलिस की प्रभावी पैरवी से ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बड़ी सफलता, सिरसिया व भिनगा के दो अलग-अलग मामलों में पांच अभियुक्तों को सजा
Shravasti News: पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन में प्रदेश भर में संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत श्रावस्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने दो अलग-अलग मामलों में कुल पांच अभियुक्तों को सजा सुनाई है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में मॉनिटरिंग सेल, जिला शासकीय अधिवक्ता एवं कोर्ट पैरोकारों ने न्यायालय में मजबूत पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप अभियुक्तों को दंडित किया गया।
पहला मामला थाना सिरसिया क्षेत्र का है। थाना सिरसिया पर पंजीकृत मु0अ0सं0 134/2018 (एनसीआर), धारा 323, 504 भादवि के अंतर्गत अभियुक्त बुधराम पुत्र रमेश्वर, लल्लू पुत्र बुधराम, ननके पुत्र बुधराम तथा पटवारी पुत्र बुधराम निवासीगण सर्राबोझी, थाना सिरसिया के विरुद्ध वादी के साथ मारपीट करने एवं गाली-गलौज करने का आरोप था। न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। सुनवाई के दौरान अपराध सिद्ध होने पर न्यायालय जेएम श्रावस्ती दिलीप कुमार साहनी ने चारों अभियुक्तों को जेल में बिताई गई अवधि के कारावास तथा प्रत्येक को 1000-1000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
दूसरा मामला शस्त्र अधिनियम से जुड़ा है। थाना कोतवाली भिनगा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 405/2026, धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत अभियुक्त जीशान पुत्र हवलदार निवासी मोहल्ला टड़वा रजा नगर, थाना कोतवाली भिनगा के कब्जे से एक अवैध देसी तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ था। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। मॉनिटरिंग सेल एवं पैरोकार की प्रभावी पैरवी से अभियोजन पक्ष ने अपना मामला सिद्ध किया। इस प्रकरण में न्यायालय जेएम श्रावस्ती दिलीप कुमार साहनी ने अभियुक्त जीशान को दोषसिद्ध पाते हुए जेल में बिताई गई अवधि के कारावास एवं 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान की मॉनिटरिंग अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र द्वारा भी की जा रही है। जनपद में लंबित गंभीर मामलों में त्वरित सजा दिलाने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं पैरोकारों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी आगे भी जारी रहेगी, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और अपराध पर अंकुश लग सके। इन सजाओं से अपराधियों में भय और आमजन में पुलिस व न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।