2 घंटे तक कहां भटकता रहा 3 साल का मासूम? इकौना पुलिस ने ऐसे खोजा
Shravasti News: श्रावस्ती के इकौना में खाटू श्याम जुलूस के दौरान 3 साल का मासूम माता-पिता से बिछड़ गया। पुलिस ने अनाउंसमेंट और तलाश के बाद 2 घंटे में बच्चे को खोज निकाला।
Shravasti News: थाना इकौना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से खाटू श्याम जुलूस के दौरान परिजनों से बिछड़े 03 वर्षीय मासूम बालक को महज 02 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस की इस संवेदनशीलता की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में थाना इकौना पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही एवं उच्च स्तरीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए यह सफलता हासिल की गई।
जुलूस के दौरान बिछड़ा मासूम
आज दिनांक 22 नवम्बर 2026 को कस्बा इकौना में श्री खाटू श्याम जुलूस के दौरान 03 वर्षीय बालक रास्ता भटककर परिजनों से बिछड़ गया। जुलूस में भारी भीड़ थी। इसी बीच बालक अपने माता-पिता से अलग हो गया। बालक के लापता होने की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई। परिजन घबराए हुए थे और रो-रोकर बच्चे की तलाश कर रहे थे।
सूचना प्राप्त होते ही थाना इकौना पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए बालक की तलाश हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ की गई। पुलिस टीम द्वारा लाउड हेलर एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर अनाउंसमेंट कराया गया तथा संभावित स्थानों पर बालक की तलाश की गई। पुलिस की सतर्कता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप महज 02 घंटे के भीतर बालक को संजय पार्क से सकुशल बरामद कर लिया गया।
परिजनों को सौंपा गया बालक
बालक के परिजनों- पवन कुमार जायसवाल (पिता), बबली जायसवाल (माता), निवासी श्रीगंज जिला बलरामपुर से आवश्यक पूछताछ एवं पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरान्त बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से अपने मासूम बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों द्वारा श्रावस्ती पुलिस की तत्परता, कार्यकुशलता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने जिस तरह से तत्काल मदद की, उससे उनका बच्चा सकुशल मिल गया।
इस प्रकार थाना इकौना पुलिस द्वारा समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक मासूम बच्चे को उसके परिजनों से पुनः मिलाने में सराहनीय भूमिका निभाई गई।
बरामदगी टीम में रहे
बरामदगी टीम में उप निरीक्षक विशाल यादव, मुख्य आरक्षी नटराज, महिला आरक्षी दिव्या और महिला आरक्षी प्रिया शामिल रहे।