Shravasti News: श्रावस्ती की बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर सपा नेता ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन
Shravasti News: श्रावस्ती में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर सपा नेता ने मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर सुधार और निर्बाध आपूर्ति की मांग की।
Shravasti News(Photo-Social Media)
Shravasti News: जनपद श्रावस्ती में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं 290 श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के नेता मसूद आलम ख़ान ने आज मुख्य अभियंता विद्युत, देवीपाटन मंडल, गोंडा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। सौंपे गए ज्ञापन में मसूद आलम ख़ान ने बताया कि श्रावस्ती में अघोषित विद्युत कटौती से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय से बदला नहीं जा रहा है, जिससे कई गांव कई-कई दिनों तक अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ओवरलोड क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता नहीं बढ़ाई जा रही है, वहीं जर्जर विद्युत लाइनों के कारण आए दिन आपूर्ति बाधित हो रही है। शिकायत के बावजूद विभागीय कर्मचारी समय से कार्रवाई नहीं करते।
मसूद आलम ख़ान ने कहा कि इस समय सावन का पवित्र महीना चल रहा है, इसके बाद 12 रबीउल अव्वल और रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में त्योहारों के समय बिजली व्यवस्था का बदहाल होना चिंता का विषय है। आम जनता, व्यापारियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि श्रावस्ती की विद्युत व्यवस्था को सुधारने के लिए एक विशेष टीम गठित की जाए और एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो ट्रांसफार्मर बदलने, क्षमता वृद्धि, जर्जर लाइनों की मरम्मत और बिजली कटौती की समस्याओं की निरंतर निगरानी कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करे।
इस पर मुख्य अभियंता विद्युत, देवीपाटन मंडल ने ज्ञापन लेते हुए आश्वासन दिया कि श्रावस्ती की विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही विशेष टीम गठित कर नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। ट्रांसफार्मरों को बदलने, उनकी क्षमता बढ़ाने और जर्जर तारों की मरम्मत सहित सभी बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मसूद आलम ख़ान ने कहा कि श्रावस्ती की जनता को बेहतर बिजली दिलाने तक वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे और जनहित के इस मुद्दे को हर स्तर पर मजबूती से उठाते रहेंगे।