Siddharthnagar News: बूथ से गायब मिलीं बीएलओ, एसडीएम ने कार्रवाई के दिए निर्देश
Siddharthnagar News: विशेष अभियान दिवस पर एसडीएम ने कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ शाहीन बेगम मिलीं अनुपस्थित, 28 और 29 नवंबर को फिर चलेगा अभियान।
बूथ से गायब मिलीं बीएलओ, एसडीएम ने कार्रवाई के दिए निर्देश (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर 306-डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ की उपस्थिति में विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 193 कोसी खुर्द बुजुर्ग, 198, 199, 200 और 201 माली मैनहा तथा बूथ संख्या 202 आसानपुर के अलावा पीपुल्स इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, मतदाताओं से फॉर्म प्राप्त करने तथा आवेदनों को ऑनलाइन फीड करने की व्यवस्था की जानकारी ली।
पीपुल्स इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र के निरीक्षण में बीएलओ शाहीन बेगम, जो आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं, अनुपस्थित पाई गईं। विशेष अभियान दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर उपजिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर पत्र लिखा है।
उपजिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। सूची में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6, किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम या विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा करें।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के अगले चरण में 28 और 29 नवंबर को भी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर निर्धारित है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा। मतदाता अपना नाम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से भी जांच सकते हैं।