हेलमेट और सीटबेल्ट लगाकर चलने वालों को यातायात पुलिस ने फूल देकर किया सम्मानित
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में यातायात माह के 21वें दिन पुलिस ने हेलमेट और सीटबेल्ट लगाने वाले वाहन चालकों को फूल देकर सम्मानित किया। तेज रफ्तार वाहनों पर भी रखी जा रही नजर।
Siddharthnagar News: यातायात माह-2026 के तहत शनिवार को यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के 21वें दिन हेलमेट और सीटबेल्ट लगाकर वाहन चलाने वाले चालकों को पुष्प देकर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही अन्य वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात राजकुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान में हिस्सा लिया।
इस दौरान हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों को फूल देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन नहीं रोकने, वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और यातायात व्यवस्था बाधित नहीं करने के प्रति जागरूक किया।
वहीं, जनपद में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए दो इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।