Siddharthnagar: EVM - VVPAT के प्रति जागरूकता, हर विधानसभा क्षेत्र में स्थापित होंगे प्रदर्शन केंद्र
Siddharthnagar News: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जागरूकता अभियान के लिए 180 मशीनें निकाली गईं, हर विधानसभा क्षेत्र को मिलीं 10-10 मशीनें।
EVM - VVPAT के प्रति जागरूकता, हर विधानसभा क्षेत्र में स्थापित होंगे प्रदर्शन केंद्र (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को ईवीएम वेयरहाउस और जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस को खोला गया। सभी प्रतिनिधियों के समक्ष वेयरहाउस से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि आम मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा सके और उन्हें मशीनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जा सके।
इसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय स्तर पर प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 180 ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें वेयरहाउस से निकाली गईं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी को 10-10 ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गईं।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और बैरीकेडिंग की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक मतदाता मतदान प्रक्रिया को समझ सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार श्रीवास्तव, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।