Siddharthnagar: विधायक श्यामधनी राही के प्रयासों से 23 मार्गों की मरम्मत के लिए 4.74 करोड़ स्वीकृत

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्यामधनी राही के प्रयास से 23 सड़कों की मरम्मत हेतु पीडब्ल्यूडी ने 4.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।

Update:2026-11-19 17:52 IST

Siddharthnagar News:  कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। विधायक श्यामधनी राही के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से विधानसभा क्षेत्र के 23 मार्गों के सामान्य एवं विशेष मरम्मत कार्यों के लिए कुल 4 करोड़ 74 लाख 55 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस धनराशि से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। इससे लंबे समय से जर्जर सड़कों की स्थिति में सुधार होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। सड़कों के बेहतर होने से स्थानीय लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और अन्य राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर विधायक श्यामधनी राही ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।विधायक ने कहा कि कपिलवस्तु विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान करने के साथ सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारना उनकी प्रतिबद्धता है।उन्होंने विश्वास जताया कि 23 मार्गों की मरम्मत के लिए स्वीकृत धनराशि से क्षेत्र की सड़क व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

Tags:    

Similar News