Siddharthnagar News: दर्दनाक हादसा: मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों की डूबने से मौत, इलाके में शोक
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर की बूढ़ी राप्ती नदी में नहाने गए मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इलाके में शोक की लहर है।
Siddharthnagar News: जिले के जोगिया कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां बूढ़ी राप्ती नदी में नहाने गए मेडिकल कॉलेज के चार छात्रों में से दो की डूबने से मौत हो गई। घटना योंगमाया मंदिर के पास की बताई जा रही है, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, चारों छात्र नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दो छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। अपने साथियों को संकट में देख किनारे नहा रहे अन्य दो छात्रों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई, वहीं छात्रों ने नदी से बाहर निकलकर 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही जोगिया थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से दोनों डूबे छात्रों को काफी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नदी में नहाने गए चार छात्रों में से दो की डूबने से मृत्यु हो गई है। मृतकों में एक छात्र राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले का निवासी था, जबकि दूसरा बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र का रहने वाला था। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या अन्य जलाशयों में नहाते समय सावधानी बरतें और विशेषकर गहरे पानी वाले स्थानों से दूर रहें।