Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा पर 115 लीटर डीजल के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा पर 115 लीटर डीजल के साथ व्यक्ति पकड़ा गया, एसएसबी और कस्टम की संयुक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए 115 लीटर डीजल के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। यह कार्रवाई सीमा चौकी ककरहवा के अंतर्गत सीमा स्तम्भ संख्या 544 के पास स्थित ककरहवा चेक पोस्ट पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संयुक्त दल को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके आधार पर भारत से नेपाल जाने वाली एक बस की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो केनों में भरा कुल 115 लीटर डीजल बरामद हुआ। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बरामद डीजल की जिम्मेदारी ली।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम शिवबहादुर बोहरा (उम्र 42 वर्ष), पुत्र देव बहादुर गोदर क्षेत्री, निवासी ग्राम फेक, थाना तानसेन, जिला पालपा (लुम्बिनी प्रदेश, नेपाल) बताया। उसने बताया कि नेपाल में डीजल की उपलब्धता कठिन होने के कारण वह अपने निजी वाहन के उपयोग के लिए भारत से डीजल ले जा रहा था।
संयुक्त टीम ने जब उससे डीजल को नेपाल ले जाने से संबंधित वैध अनुमति पत्र मांगा, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने बरामद 115 लीटर डीजल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा को सौंप दिया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत अवैध सामान, नशीले पदार्थ, मानव तस्करी, अवैध मुद्रा और वन्यजीव उत्पादों की बरामदगी की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।