Siddharthnagar News: जिलाधिकारी ने किया बीएचएनडी दिवस का निरीक्षण, दी सख्त हिदायतें
Siddharthnagar News: जिलाधिकारी ने गंगाधरपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने बुधवार को विकास खंड उसका बाजार के अंतर्गत उपकेंद्र गंगाधरपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर आयोजित बीएचएनडी (बेसिक हेल्थकेयर एंड न्यूट्रीशन डे) दिवस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लेते हुए गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण और पोषण वितरण की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से गर्भवती महिलाओं की सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच, विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। मौके पर जांच के लिए स्ट्रिप्स उपलब्ध थीं और महिलाओं के एमसीपी कार्ड भी बनाए गए थे, लेकिन ड्यू लिस्ट अपडेट नहीं थी तथा कार्ड पर आरसीएच नंबर अंकित नहीं किया गया था। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए एएनएम पीयूषलता, सीएचओ, तथा एमओआईसी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एक एचआरपी महिला से स्वयं फोन पर बातचीत कर उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। साथ ही, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री द्वारा सैम-मैम (गंभीर व मध्यम कुपोषित) बच्चों के रजिस्टर की जांच की और पोषाहार वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बीएचएनडी दिवस के अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, अन्नप्राशन संस्कार, और पोषाहार वितरण जैसी गतिविधियाँ अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएँ। उन्होंने एएनएम को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी गर्भवती महिला या बच्चा टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच से वंचित नहीं रहना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान आशा डायरी अपूर्ण पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि टीकाकरण से एक दिन पूर्व घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को इसकी जानकारी दें।अंत में, जिलाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर उनकी संपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की सुनिश्चितता की जाए।