Siddharthnagar News: जनता ने की बिजली मांग, सरकार बहाने दे रही है; सड़कों पर हिसाब", इंजीनियर इमरान

Siddharthnagar News: बिजली संकट को लेकर इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को बिजली नहीं मिल रही और अब इस मुद्दे पर सड़कों पर जवाब मांगा जाएगा।

Update:2026-06-04 17:16 IST

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की अनियमितताओं के विरोध में आम आदमी पार्टी द्वारा डुमरियागंज में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इंजीनियर इमरान लतीफ़ के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के डुमरियागंज कार्यालय से स्थानीय बिजलीघर तक पैदल मार्च निकाला गया।

सैकड़ों की संख्या में उपस्थित आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की तथा जनता की समस्याओं को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। पैदल मार्च के बाद कार्यकर्ताओं ने इंजीनियर इमरान लतीफ़ की अगुवाई में बिजलीघर का घेराव किया और अधिशाषी अभियंता (XEN) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच डुमरियागंज सहित पूरे प्रदेश की जनता अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त है। जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरों में से एक का भुगतान कर रही है, लेकिन इसके बावजूद उसे पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने कहा, "जनता बिजली मांग रही है, सरकार बहाने दे रही है। गांवों और कस्बों में लोग भीषण गर्मी में रातें जागकर काटने को मजबूर हैं। महंगी बिजली का बिल लेने वाली सरकार जनता को अंधेरे में जीने पर मजबूर कर रही है। यदि हालात नहीं सुधरे तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़क से सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी।"

उन्होंने कहा, "जब जनता बिजली, पानी और रोज़गार की मांग कर रही है, तब सरकार के जिम्मेदार लोग समस्याओं का समाधान करने के बजाय भटकाऊ बयानबाज़ी कर रहे हैं। प्रदेश की जनता को जुमले नहीं, जवाब चाहिए; वादे नहीं, सुविधाएं चाहिए।"

स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने कहा कि प्रदेशभर से गलत बिलिंग और मनमाने बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। "स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लगाए गए थे, लेकिन आज वे जनता की परेशानी का कारण बन गए हैं। बिजली कंपनियों के मुनाफे और जनता की परेशानी के बीच सरकार ने जनता को अकेला छोड़ दिया है। आम आदमी पार्टी बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।"

जिला प्रभारी विपिन तिवारी ने कहा कि गांवों और कस्बों में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। सरकार को बिजली संकट के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब आश्वासन नहीं बल्कि परिणाम चाहती है।

जिला अध्यक्ष जलाल चौधरी ने कहा कि बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हैं। सरकार को जनता की शिकायतों का तत्काल समाधान करना चाहिए, अन्यथा व्यापक जनआंदोलन खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के हर संघर्ष में उसके साथ खड़ी रहेगी।

प्रदर्शन के उपरांत पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कराने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल चौधरी, इमरान खान, शिव कुमार, नोमान उस्मानी, सुशील त्रिपाठी, राम करण गौड़, रियाज़ सिद्दीक़ी, अम्मार, सोहन आर्य, प्रेम चंद्र चौहान, वलिउल्लाह, सूरज कन्नौजिया, अज़ीम रिजवी, ख़ुबैब समेत सैकड़ों की संख्या मे पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News