Siddharthnagar News: फ्रॉड के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 23,500 रुपये, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार व्यक्ति को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ₹23,500 वापस मिले। साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को राहत मिली।
Siddharthnagar News(Photo-Social Media)
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खेसरहा साइबर सेल टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। यूपीआई के माध्यम से हुए साइबर फ्रॉड की धनराशि 23,500 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर क्राइम रिकवरी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेंदु सिंह के पर्यवेक्षण में थाना खेसरहा पुलिस ने यह सराहनीय कार्य किया। जानकारी के अनुसार, थाना खेसरहा क्षेत्र के ग्राम इमिलिया निवासी अनिल कुमार ने 1 जून 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि यूपीआई के माध्यम से उनके साथ 23,500 रुपये की साइबर ठगी हो गई है। शिकायत संख्या 33105260122470 के आधार पर थाना खेसरहा साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया अपनाई।
पुलिस टीम के लगातार प्रयासों और बैंक के सहयोग से पीड़ित की पूरी धनराशि 13 जून 2026 को उसके खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित अनिल कुमार ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी राघवेंद्र प्रताप यादव, कांस्टेबल देवेश मिश्रा, आरक्षी नीरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल रम्भा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए आमजन से साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।