Sonbhadra में छठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली
Sonbhadra News: विंढमगंज में नौ हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, घोरावल, कोन और दुद्धी के घाटों पर भी उमड़ी भीड़, महाआरती और छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल।
Sonbhadra में छठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। लोक आस्था, अनुशासन और अटूट विश्वास का पर्व छठ रविवार को पूरे सोनभद्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दिन ढलने के साथ ही जिले के नदी घाटों, तालाबों और जलाशयों पर आस्था का अद्भुत नजारा दिखाई देने लगा। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और हाथों में फल, ठेकुआ तथा दीपों से सजे सूप लेकर व्रती महिलाएं और पुरुष घाटों की ओर बढ़ते रहे। जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना की गई। छठ गीतों की गूंज और दीपों की रोशनी से पूरा जनपद भक्तिमय नजर आया।
शाम होते-होते प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। कई स्थानों पर परिवार के सभी सदस्य व्रतियों के साथ घाट पहुंचे और पूजा की तैयारियों में सहयोग करते दिखाई दिए। प्रशासन और पुलिस की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर घाटों की व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
विंढमगंज में महाआरती ने बांधा समां
विंढमगंज में सततवाहिनी नदी स्थित सूर्य मंदिर के छठ घाट पर इस बार श्रद्धा का विशाल संगम देखने को मिला। शाम 5:09 बजे शुरू हुई भव्य महाआरती कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। सूर्य मंदिर के सामने और नदी के चेकडैम के बीच जलधारा में तैयार किए गए आकर्षक मंच पर विद्वान पंडितों की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती संपन्न कराई। क्लब के करीब एक दर्जन युवाओं ने ढोल, नगाड़े, घंटा, घड़ियाल और शंखनाद से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
आयोजकों के अनुसार चार राज्यों से पहुंचे नौ हजार से अधिक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। इनमें लगभग चार हजार व्रती महिला-पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर स्नान कर रही व्रती महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करती रहीं। वहीं क्लब की ओर से लगाए गए विशाल मेले में दो दर्जन के करीब व्यंजनों की दुकानें सजी रहीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और मिकी माउस आकर्षण का केंद्र बने रहे।
घोरावल में तालाबों पर उमड़ी भीड़
घोरावल नगर के दशमिहवा, थनहवा और भंगहवा तालाब सहित तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी छठ की रौनक देखते ही बनी। शाम चार बजे से ही व्रती महिलाओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दशमिहवा तालाब पर दीपा गिरि, श्वेता प्रजापति, शकुंतला, संगीता, सरस्वती, रीमा, सुनीता, कुसुम यादव, सीमा देवी और आरती समेत सैकड़ों महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
फल, फूल और पारंपरिक प्रसाद से सजे सूप के साथ व्रतियों ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ब्रह्माकुमारी आश्रम के सदस्यों ने पूजा और अर्घ्यदान की व्यवस्था में सहयोग किया। नगर पंचायत की ओर से घाटों की साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी उदय नारायण कुशवाहा, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार समेत पुलिस और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे।
कोन में बांस का पुल बना घाट तक पहुंचने का सहारा
कोन में पांडू नदी के किनारे छठ पूजा को लेकर खास इंतजाम किए गए थे। पुरानी बस्ती की ओर से नदी के दूसरे छोर पर बने घाट तक पहुंचने के लिए पूजा समिति ने बांस की अस्थायी पुलिया तैयार कराई थी। इसी रास्ते से व्रती महिलाएं और उनके परिजन घाट तक पहुंचे। 36 घंटे के निर्जला व्रत के कठिन संकल्प के साथ महिलाएं दोपहर से ही समूह में पारंपरिक गीत गाते और ढोल-बाजे के साथ घाटों की ओर रवाना होने लगी थीं। कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए भी घाट तक पहुंचे।
पूजा समिति की ओर से पंडाल, रोशनी, सजावट और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ गश्त भी जारी रही। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि भीड़ वाले सभी छठ घाटों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दुद्धी में शिवाजी तालाब से कनहर तक आस्था का उत्सव
दुद्धी नगर में ऐतिहासिक शिवाजी तालाब से लेकर लौवा नदी के बीड़र और मल्देवा घाट, लकड़ा बांध धनौरा तथा कनहर नदी सहित विभिन्न जलाशयों पर व्रतियों की भारी भीड़ जुटी। दोपहर तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने घाटों पर वेदियां बनाकर पूजा की तैयारी की। सूर्यास्त से पहले जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और लोकमंगल की कामना की।
घाटों पर गंगा आरती और देवी जागरण ने धार्मिक वातावरण को और आकर्षक बना दिया। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की ध्वनि के बीच दर्शन-पूजन का क्रम भी चलता रहा। भारी भीड़ को देखते हुए एसडीएम एवं ईओ आकांक्षा गौतम, सीओ विनय प्रभाकर साहनी, कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
जय बजरंग अखाड़ा समिति की ओर से नियंत्रण कक्ष स्थापित कर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, महामंत्री दीपक शाह, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, चेयरमैन कमलेश मोहन, सुरेंद्र गुप्ता, पंकज कुमार बुल्लू, धीरज जायसवाल और स्काउट गाइड जिला कमिश्नर कब रामरक्षा समेत अन्य लोग व्यवस्थाओं में जुटे रहे। कार्यक्रम का संचालन रामपाल जौहरी, अविनाश कुमार और आलोक अग्रहरि ने संयुक्त रूप से किया।
घाटों पर सुरक्षा के लिए मुस्तैद रही पुलिस
जिले के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए घाटों की स्थिति का जायजा लेते रहे। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर यातायात सुचारु रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
सूर्यास्त के समय जब हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य देने के लिए उठे तो नदी और तालाबों के किनारे आस्था का अद्भुत दृश्य बन गया। दीपों की कतार, छठ गीतों की स्वर लहरियां और सूर्यदेव के प्रति समर्पण ने पूरे सोनभद्र को भक्तिरस में डुबो दिया।