Sonbhadra News: विकास कार्यों पर उठे सवाल, किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने DM को सौंपा मांगपत्र
Sonbhadra News: सोनभद्र में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी भर्ती समेत कई जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में विकास योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सोमवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के नाम एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा। संगठन के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि आकांक्षी जनपद का दर्जा मिलने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति अभी भी संतोषजनक नहीं है। उनका आरोप है कि कई विभागों की लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की उठाई मांग
मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मांगपत्र में गांवों में सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि भीषण गर्मी के बीच कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। विकास योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आंगनबाड़ी भर्ती में देरी पर जताई नाराजगी
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी को भी बड़ा मुद्दा बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि सोनभद्र में अब तक चयन प्रक्रिया लंबित है। इस कारण बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं को रोजगार के अवसर से वंचित होना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाए।
लंबित विकास परियोजनाओं को पूरा करने की मांग
मांगपत्र में वर्षों से अधूरी पड़ी विकास परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग भी उठाई गई। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि कई योजनाएं केवल कागजों और फाइलों तक सीमित होकर रह गई हैं, जबकि धरातल पर उनका लाभ आम लोगों को नहीं मिल रहा है। संगठन ने प्रशासन से जनहित से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस दौरान आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, सूरज कनौजिया, दिनेश चेरो, विजय चौहान, धीरज चौहान और बृजेश पनिका समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।