Sonbhadra News: सड़क निर्माण में देरी पर पूर्व विधायक ने वन विभाग को घेरा, संघर्ष का एलान
Sonbhadra News: धनौरा गांव में लकड़ा बांध मार्ग बदहाल होने से ग्रामीण परेशान हैं। हरिराम चेरो ने 15 दिनों में एनओसी दिलाने और निर्माण तेज कराने का भरोसा दिया। और संघर्ष करेंगे।
सड़क निर्माण में देरी पर पूर्व विधायक ने वन विभाग को घेरा, संघर्ष का एलान (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: गांव की सड़क बदहाल हो, ग्रामीण लगातार शिकायतें करें और जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के चलते समस्या जस की तस बनी रहे तो लोगों का आक्रोश बढ़ना लाजिमी है। दुद्धी तहसील से सटे धनौरा गांव में लकड़ा बांध की ओर जाने वाले मार्ग को लेकर कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। सड़क निर्माण में वन विभाग की कथित अड़ंगेबाजी और अधिकारियों की लापरवाही से नाराज पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों के बीच पहुंचे पूर्व विधायक ने साफ कहा कि अब गांव के विकास और लोगों की बुनियादी जरूरतों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिलाने का भरोसा दिया।
शिकायतों के बाद भी नहीं बदली सड़क की तस्वीर
धनौरा गांव में महेंद्र यादव के आवास से अलियार यादव के आवास तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली झेल रहा है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए कई बार जनसुनवाई और तहसील दिवस में शिकायतें की गईं, लेकिन अधिकारियों की ओर से प्रभावी पहल नहीं हुई। नतीजतन सड़क की समस्या आज भी बरकरार है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य वन विभाग की अनुमति के अभाव में अटका हुआ है। इतना ही नहीं, वन दरोगा ने बिना मौके पर पहुंचे ही रिपोर्ट लगा दी, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आने के बजाय समस्या और उलझ गई। ग्रामीणों ने इस रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई।
मौके पर नहीं पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी
मामले की जानकारी होने के बावजूद डीएफओ समेत वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि जब सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है तो विभागीय अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेना चाहिए था। लेकिन शिकायतों के बावजूद उनकी ओर से गंभीरता नहीं दिखाई गई।
ग्रामीणों की परेशानी सुनने पहुंचे पूर्व विधायक
हरिराम चेरो ने वन विभाग की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विभाग की कथित मनमानी और लापरवाही के चलते क्षेत्र के कई गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को जरूरी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वन संबंधी मामलों में अनावश्यक अड़चनें क्षेत्र के विकास की राह रोक रही हैं।
15 दिन में एनओसी, निर्माण में तेजी लाने का भरोसा
पूर्व विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण की राह में आ रही बाधा दूर कराने के लिए वह पूरी ताकत से प्रयास करेंगे। उन्होंने 15 दिनों के भीतर एनओसी दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) के माध्यम से चल रहे निर्माण कार्य को भी तेज कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वन विभाग के खिलाफ उनके साथ मिलकर संघर्ष किया जाएगा। ग्रामीणों के अधिकार और क्षेत्र के विकास के लिए जरूरत पड़ने पर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान सुभाष कुमार, रविंद्र गुप्ता, निरंजन जायसवाल, कन्हैयालाल कुशवाहा, उदय यादव, लालबाबू, नगीना भारती, सविता देवी, ललिता देवी, गुड्डी भारती, बबीता गुप्ता, हीरामन देवी और संगीता देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।