हेरोइन की कमाई से पत्नी के नाम बनवाया 87 लाख का मकान, पुलिस ने कैसे लिया कब्जे में?
Sonbhadra News: सोनभद्र में हेरोइन तस्करी के आरोपी के पत्नी के नाम बने 87 लाख के मकान को पुलिस ने कुर्क किया। जिले में अब तक 6.43 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई हुई।
Sonbhadra News: नशे के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति खड़ी करने वालों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने आर्थिक शिकंजा कस दिया है। हेरोइन की तस्करी से अर्जित धनराशि से पत्नी के नाम पर बनवाए गए 87 लाख रुपये से अधिक कीमत के मकान को चोपन पुलिस ने कुर्क कर दिया। डाला चढ़ाई स्थित इस मकान की कीमत 87,04,283.59 रुपये आंकी गई है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के साथ ही जिले में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का आंकड़ा 6.43 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में चोपन पुलिस ने यह कार्रवाई की।
तस्करी की कमाई से पत्नी के नाम पर बनवाया मकान
पुलिस के मुताबिक चोपन थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0319/2026 में सुधीर उर्फ छोटे और उसकी पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया निवासी डाला चढ़ाई आरोपित हैं। आरोप है कि सुधीर उर्फ छोटे ने हेरोइन की अवैध तस्करी से अर्जित धनराशि से अपनी पत्नी के नाम पर मकान संख्या 40026 का निर्माण कराया था। जांच के बाद इस संपत्ति की कीमत 87,04,283.59 रुपये निर्धारित की गई। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत मकान को फ्रीज और कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, एनडीपीएस अधिनियम, नई दिल्ली की ओर से जारी आदेश संख्या NDPSA/FO/1409/DEL/2026 दिनांक 11 नवंबर 2026 के अनुपालन में 22 नवंबर को की गई। मौके पर उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा मौजूद रहे। पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति में संबंधित अचल संपत्ति को फ्रीज और कुर्क करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
मुकदमे में अब तक 16 आरोपित गिरफ्तार
चोपन थाने में दर्ज इस मुकदमे में पुलिस अब तक कुल 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सुधीर उर्फ छोटे भी इसी मुकदमे में जेल में निरुद्ध है। पुलिस के अनुसार उसकी पत्नी सुनीता देवी के खिलाफ चोपन थाने में वर्ष 2018 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 127/2018 दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्तमान मुकदमा संख्या 0319/2026 और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 0387/2026 भी दर्ज है।
वहीं सुधीर कुमार उर्फ छोटू का भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2014 में चोपन थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा संख्या 141/2014 दर्ज हुआ था। वर्ष 2017 में पिपरी थाने में मुकदमा संख्या 076/2017 और चोपन थाने में मुकदमा संख्या 237/2017 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए। वर्ष 2018 में चोपन थाने में मुकदमा संख्या 075/2018 तथा वर्ष 2019 में मुकदमा संख्या 208/2019 दर्ज हुआ। इसके अलावा वर्तमान मुकदमा संख्या 319/2026 में एनडीपीएस एक्ट के साथ बीएनएस की धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।
सात मामलों में करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई
नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई और 68एफ के तहत जिले में अब तक सात प्रकरणों में कुल 6,43,29,978.59 रुपये की संपत्ति जब्त अथवा फ्रीज की जा चुकी है।
थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े मामले में 4,50,13,541 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। अनपरा थाना क्षेत्र में हेरोइन से संबंधित मामले में 26,62,165 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई हुई। शक्तिनगर में एक मामले में 15,72,140 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। रॉबर्ट्सगंज में हेरोइन से जुड़े दूसरे मामले में 1,08,156 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसी तरह म्योरपुर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 38,83,693.52 रुपये और शक्तिनगर के दूसरे मामले में 23,86,000 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। अब चोपन में सुधीर उर्फ छोटे की ओर से पत्नी के नाम पर बनवाए गए 87,04,283.59 रुपये मूल्य के मकान को कुर्क किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अब नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी और जेल भेजने के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी निशाने पर लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।