Sonbhadra News: बचपन की फोटो को AI ने दिया जवानी का चेहरा, राजस्थान में मिली लापता महिला

Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी थाने के सिपाही ने बचपन की फोटो से AI के जरिए मौजूदा चेहरा तैयार कर पांच साल से लापता महिला को राजस्थान के चूरू से ढूंढ निकाला।

Update:2026-11-20 20:39 IST

Sonbhadra News: पांच साल से लापता एक महिला की तलाश में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान करना था। परिजनों के पास उसकी कोई हालिया तस्वीर नहीं थी और विद्यालय से मिली तस्वीर उस समय की थी, जब वह महज चौथी कक्षा की छात्रा थी। ऐसे में उम्र के बड़े अंतर के कारण उसकी मौजूदा शक्ल पहचान पाना आसान नहीं था। लेकिन थाना बभनी में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेकर इस मुश्किल को आसान कर दिया। ChatGPT और Google Gemini AI की मदद से बचपन की तस्वीर को करीब 30 वर्ष की उम्र के अनुरूप तैयार कराया और उसी तस्वीर के सहारे राजस्थान तक पहुंचकर महिला को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस अभिनव पहल ने न केवल पांच साल पुरानी गुमशुदगी का राज खोला, बल्कि विवेचना में आधुनिक तकनीक की उपयोगिता भी साबित कर दी।

विद्यालय के पुराने रिकॉर्ड से मिला सुराग

मामला थाना बभनी क्षेत्र के जौराही गांव का है। यहां की निवासी किस्मत देवी पत्नी रामपाल खरवार ने 14 जुलाई 2026 को अपनी पुत्री मंजू देवी खरवार (करीब 30 वर्ष) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0-150/2026 के तहत धारा 87 और 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत के मुताबिक, मंजू देवी गोंड़ पत्नी राजेन्दर गोंड़ निवासी जौराही, शादी कराने का भरोसा देकर उसे वाराणसी ले गई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।

महिला की तलाश के लिए पुलिस ने परिजनों और ससुराल पक्ष से संपर्क कर उसकी तस्वीर जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई हालिया फोटो नहीं मिल सकी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संबंधित विद्यालय के अभिलेख खंगाले तो वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति फार्म में लगी मंजू की बचपन की तस्वीर हाथ लग गई। हालांकि उस तस्वीर के आधार पर वर्तमान उम्र की महिला को पहचानना बड़ी चुनौती थी।

AI तकनीक ने बदली तस्वीर, परिजनों ने पहचाना चेहरा

यहीं पर आरक्षी विजय पाण्डेय की तकनीकी समझ काम आई। उन्होंने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों को आधार बनाकर ChatGPT और Google Gemini जैसे AI प्लेटफॉर्म की सहायता ली। इनकी मदद से महिला की मौजूदा उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की गई। जब यह तस्वीर परिजनों को दिखाई गई तो उन्होंने उसे अपनी पुत्री मंजू देवी के रूप में पहचान लिया। इस तरह पुलिस को उसकी तलाश के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान संबंधी सुराग मिल गया।

सोनभद्र से राजस्थान तक पहुंची पुलिस

तैयार तस्वीर और विवेचना के दौरान जुटाई गई अन्य जानकारियों के आधार पर आरक्षी विजय पाण्डेय ने तलाश आगे बढ़ाई। आखिरकार 16 अक्टूबर 2026 को वह राजस्थान के चूरू जिले के थाना हमीरवास क्षेत्र के गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंचे। यहां से मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया गया। जांच में पता चला कि महिला वहां अपने पति उमेन्द्र के साथ रह रही थी और उसके दो बच्चे भी हैं।

उत्कृष्ट कार्य पर मिला दोहरा सम्मान

पांच साल से लापता महिला की पहचान और बरामदगी में आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल को पुलिस अधिकारियों ने सराहनीय उपलब्धि माना है। इस कार्य में आरक्षी विजय पाण्डेय की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया गया। उनके उत्कृष्ट योगदान पर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ की ओर से पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

पुलिसकर्मियों को भी दिया जा रहा AI का प्रशिक्षण

इस सफलता के पीछे पुलिस विभाग की तकनीकी दक्षता बढ़ाने की पहल भी अहम है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में जिले के पुलिसकर्मियों के लिए ChatGPT, Google Gemini सहित आधुनिक AI प्लेटफॉर्म के उपयोग पर कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें पुलिसकर्मियों को जांच और विवेचना के दौरान तकनीक का सहायक उपकरण के रूप में इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी समझाया गया कि AI से प्राप्त जानकारी को उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों से परखना जरूरी है। किसी भी निष्कर्ष या कानूनी कार्रवाई का आधार सत्यापित साक्ष्य ही होना चाहिए।

इस पूरे मामले में क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना बभनी पुलिस ने कार्रवाई की। एक पुरानी तस्वीर, तकनीकी सूझबूझ और लगातार प्रयासों के मेल से पांच साल से लापता महिला तक पहुंचने में मिली सफलता ने पुलिस की कार्यप्रणाली में तकनीक के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया है।

Tags:    

Similar News