Sonbhadra News: फर्जी रसीदों से कंपनी को चूना लगाने वाला गिरफ्तार, रकम हड़पकर बदलता था रसीद
Sonbhadra News: सोनभद्र में फर्जी रसीदों के जरिए कंपनी को चूना लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वह ग्राहकों से वसूली रकम हड़पता था।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने ग्राहकों से ऋण की किस्त वसूलने के बाद रकम कंपनी में जमा करने के बजाय निजी जरूरतों में खपाने और फर्जी रसीदों के सहारे पूरे खेल पर पर्दा डालने वाले वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित मोबाइल फोन से कंपनी की रसीदों में छेड़छाड़ कर उन्हें ग्राहकों को देता था, जिससे उन्हें रकम कंपनी में जमा होने का भरोसा बना रहता था। पुलिस ने आरोपित को घेराबंदी कर पकड़ लिया और अब उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
चंडी होटल के पास दबोचा गया
पुलिस के अनुसार रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 509/2026 में संजय कुमार मौर्य वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश में जुटी थी। 24 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित चंडी होटल के पास मौजूद है और वहां से निकलने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपित ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे शाम करीब 6:20 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
किश्त की रकम कंपनी में जमा करने के बजाय खर्च करता था
पूछताछ में सामने आया कि संजय कुमार मौर्य पैसालो डिजिटल लिमिटेड कंपनी में काम करता था। उसकी जिम्मेदारी कंपनी के ऋणधारकों से किस्त और अन्य बकाया रकम लेकर उसे कंपनी में जमा कराने की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने आर्थिक लाभ के लालच में ग्राहकों से प्राप्त रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की और उसे अपने निजी कामों में खर्च करता रहा। मामला यहीं नहीं रुका। कंपनी में रकम जमा न होने की बात ग्राहकों से छिपाने के लिए उसने मोबाइल फोन का सहारा लिया। वह कंपनी की वास्तविक रसीदों को मोबाइल से एडिट कर उनमें बदलाव करता और तैयार रसीद ग्राहकों को सौंप देता था। इससे ग्राहक यही समझते रहे कि उनकी ओर से जमा की गई किस्त कंपनी तक पहुंच चुकी है।
मोबाइल से रसीदों में छेड़छाड़ कर चलता रहा खेल
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने ग्राहकों से वसूली गई रकम कंपनी में जमा न करने और बदली हुई रसीदें देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि इस तरीके से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचा। पूरे प्रकरण में आरोपित की भूमिका की जांच और संबंधित तथ्यों को जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान संजय कुमार मौर्य पुत्र राम दुलारे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम शिवखरी, पोस्ट केकराही, खैरही, थाना रॉबर्ट्सगंज का निवासी है और उसकी उम्र करीब 31 वर्ष है। उसका वर्तमान पता ग्राम गैगुआर, पोस्ट बिच्छी, थाना रॉबर्ट्सगंज बताया गया है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
आरोपित की गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, चौकी प्रभारी लोढ़ी, तथा रिजर्व पुलिसकर्मी अमित कुमार शुक्ला शामिल रहे। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।