Sonbhadra News: सोन नदी में तीन युवक डूबे, दो के शव मिले, तलाश जारी

Sonbhadra News: सोनभद्र के मीतापुर गांव में सोन नदी में नहाने गए तीन युवक डूब गए। रेस्क्यू अभियान में दो के शव बरामद हुए, जबकि तीसरे की तलाश लगातार जारी है।

Update:2026-06-25 22:40 IST

सोन नदी में तीन युवक डूबे, दो के शव मिले, तलाश जारी (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर गांव में सोन नदी बुधवार को उस समय मातम का कारण बन गई, जब नदी में नहाने गए तीन युवक तेज बहाव और गहराई की चपेट में आकर डूब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की भीड़ के बीच पुलिस, प्रशासन और बचाव दल ने तत्काल मोर्चा संभाला। गुरुवार को चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान में दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरे युवक की तलाश लगातार जारी है।

घटना 24 जून की बताई जा रही है। मीतापुर गांव निवासी संदीप पुत्र रविंद्र (19 वर्ष), बोल बम पुत्र लोदी (15 वर्ष) और दीपक पुत्र भगवान दास (9 वर्ष) सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान तीनों नदी की गहराई में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

रातभर चला ऑपरेशन, सुबह मिली दर्दनाक खबर

घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को भी लगाया गया। देर रात तक चले अभियान के बावजूद सफलता नहीं मिल सकी।

गुरुवार सुबह एक बार फिर बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने संदीप पुत्र रविंद्र और दीपक पुत्र भगवान दास के शव बरामद कर लिए। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया और हर आंख नम दिखाई दी।

तीसरे युवक की तलाश में जुटीं कई एजेंसियां

रेस्क्यू टीम अब भी बोल बम पुत्र लोदी (15 वर्ष) की तलाश में जुटी हुई है। नदी के कई हिस्सों में गोताखोरों को उतारा गया है, जबकि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें आधुनिक उपकरणों की मदद से लगातार खोजबीन कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि युवक की तलाश पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

बचाव अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के नेतृत्व में की जा रही है। मौके पर उपजिलाधिकारी ओबरा, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक चोपन सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौजूद हैं। अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।

मीतापुर गांव में पसरा मातम

एक ही गांव के तीन युवकों के नदी में डूबने की घटना ने पूरे मीतापुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दो शव मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि तीसरे युवक के परिजन अब भी उसकी एक झलक पाने की आस लगाए बैठे हैं। नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और हर कोई अभियान के सफल होने की प्रार्थना कर रहा है।

सोन नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। फिलहाल प्रशासन की पूरी मशीनरी तीसरे युवक की तलाश में जुटी हुई है और गांव की निगाहें रेस्क्यू टीम के अगले अपडेट पर टिकी हैं।

Tags:    

Similar News