Sonbhadra News: सोनभद्र में मोहर्रम को लेकर डीएम-एसपी सड़क पर उतरे, ताजिया मार्गों का किया निरीक्षण
Sonbhadra News: सोनभद्र में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज में ताजिया जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
Sonbhadra News (Image Credit-Newstrack)
सोनभद्र। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन शुक्रवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा स्वयं सड़क पर उतरे और रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में ताजिया, जुलूस के निर्धारित मार्गों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और हर स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए।
ताजिया मार्गों की व्यवस्थाओं को परखा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ताजिया जुलूस मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण के इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां तत्काल आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन सुनिश्चित करे। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें तथा किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल उसका समाधान किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली स्थिति सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से भी संवाद किया तथा सभी से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पूरे जनपद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि मोहर्रम पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जा सके।