Sonbhadra News: सोनभद्र में विकास का महाअभियान! 5 जून से घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजनाएं
Sonbhadra News: सोनभद्र में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। समीक्षा बैठक में मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने योजनाओं को घर-घर पहुंचाने, विकास प्रदर्शनी, जनसंवाद और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरण पर जोर दिया।
Sonbhadra News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अब उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी 5 जून से 21 जून तक चलने वाले जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों का विस्तृत खाका तैयार किया गया। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और सुशासन के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास प्रदर्शनी, जनसंवाद, लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जागरूकता गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
डिजिटल सशक्तिकरण की ओर बढ़ते कदम
बैठक के दौरान पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से महिला एवं बाल विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन मिलने से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर ऐप और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ऐप पर बेहतर ढंग से कार्य कर सकेंगी, जिससे लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद को कुल 2099 स्मार्ट मोबाइल फोन प्राप्त हुए हैं, जिनका वितरण सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इससे योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में तकनीकी दक्षता बढ़ेगी तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावी रणनीति के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। अभियान के दौरान लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
गांव से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया। समीक्षा के दौरान जनपद स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों का बेहतर आयोजन सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके।
बैठक में सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाला यह अभियान केवल उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने और विकास की प्रक्रिया में जनभागीदारी को मजबूत करने का भी है। ऐसे में 5 जून से 21 जून तक चलने वाला यह अभियान सोनभद्र में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।