Sonbhadra News: सोनभद्र में रफ्तार का कहर, सड़क पार कर रहे अधेड़ को ट्रक ने कुचला, मौत

Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Update:2026-06-03 21:43 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेंज कार्यालय के पास सड़क पार कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से रेणुकूट की ओर जा रहा एक ट्रक बभनी रेंज कार्यालय के समीप पहुंचा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को चालक ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और व्यक्ति उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अधेड़ कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रामराज (56) पुत्र स्वर्गीय मंगरू निवासी ग्राम डगडउवा, थाना बभनी के रूप में हुई है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर बभनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। उप निरीक्षक मक्खन लाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा जा रहा है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

Tags:    

Similar News