Sonbhadra News: सोनभद्र में सोन नदी में नहाने गए दो किशोर लापता, देर शाम तक नहीं मिला कोई सुराग
Sonbhadra News: सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र में सोन नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका, जबकि गोताखोरों की मदद से खोज अभियान जारी है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हर्रा स्थित सोनझर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सोन नदी में नहाने गए दर्जन भर बच्चों में से दो किशोर अचानक गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम जैसा माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दर्जन भर हमउम्र बच्चे सोनझर स्थित सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान नहाते-नहाते दो बच्चे नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बदहवास हालत में नदी तट पर पहुंच गए तथा अपने स्तर से खोजबीन शुरू कर दी।लापता बच्चों की पहचान पवन कुमार निषाद (14 वर्ष) पुत्र मुखलाल निषाद निवासी नैकाहा तथा कृष्ण निषाद (13 वर्ष) पुत्र अरविंद निषाद निवासी रोगही, हर्रा, थाना कोन के रूप में हुई है। दोनों के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना पर कोन पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से खोज अभियान शुरू कराया। नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए गोताखोरों को भी बुलाया गया है। देर शाम तक पुलिस, गोताखोर और ग्रामीण लगातार नदी में दोनों किशोरों की तलाश में जुटे रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका था।
घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे परिजनों की आंखें अपने बच्चों की एक झलक पाने के लिए टिकी रहीं, जबकि ग्रामीण भी भारी संख्या में मौके पर डटे रहे। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा दुख और चिंता का माहौल है।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि दो बच्चों के नदी में डूबने की सूचना मिली है। गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार खोजबीन में लगी हुई है।