Sonbhadra News: ओबरा में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, हेरोइन समेत 3.27 लाख का माल बरामद
Sonbhadra News: सोनभद्र के ओबरा में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हेरोइन समेत 3.27 लाख रुपये का नशीला माल बरामद किया।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ओबरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। रविदास नगर, वार्ड नंबर-01, बिल्ली में दबिश देकर पुलिस ने रितेश जायसवाल पुत्र सुरेश जायसवाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे और घर से 27.10 ग्राम अवैध हेरोइन, कोडिश्रीन सीरप की 207 शीशियां, एविल इंजेक्शन समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक बरामद नशीले पदार्थ और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3,27,899.50 रुपये है।
नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक ओबरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9 अगस्त को रविदास नगर, वार्ड नंबर-01, बिल्ली में दबिश दी। पुलिस के अनुसार दबिश के दौरान रितेश जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे और घर से 27.10 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 2.75 लाख रुपये बताई गई है।
सीरप और इंजेक्शन का भी मिला बड़ा स्टॉक
पुलिस ने आरोपी के पास से 100 एमएल की कोडिश्रीन सीरप की 207 शीशियां बरामद कीं। इनकी कुल कीमत 38,502 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 650 सीसी एविल इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी कीमत 14,397.50 रुपये बताई गई है। तलाशी के दौरान एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पत्ती लगी काले रंग की चिमटी और 1,300 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा, वैधानिक कार्रवाई शुरू
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना ओबरा में मु0अ0सं0-175/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रेतर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस की कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में जुटे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा ओबरा, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल राहुल श्रीवास शामिल रहे।