Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि के तहत बड़ी कार्रवाई, 81.300 किलो गांजा बरामद; तस्कर गिरफ्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त कार्रवाई में एंबुलेंस से 81.300 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ यूनिट लखनऊ ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। हाथीनाला थाना क्षेत्र में दुद्धी मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक एंबुलेंस से 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। गांजा वाहन के फर्श के नीचे एल्यूमिनियम की चादर से बनाए गए गुप्त कैबिनेट में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे की कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई गई है। वाहन, मोबाइल और नकदी समेत पूरी बरामदगी का अनुमानित मूल्य करीब 48 लाख रुपये है।
गुप्त सूचना पर खुला तस्करी का राज
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चल रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त को एएनटीएफ यूनिट लखनऊ को सूचना मिली कि उड़ीसा से एंबुलेंस के जरिए गांजे की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने सोनभद्र पहुंचकर जानकारी जुटाई। पता चला कि गांजा एंबुलेंस से दुद्धी मार्ग होते हुए सुल्तानपुर ले जाया जा रहा है।इसके बाद एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और थाना हाथीनाला पुलिस की संयुक्त टीम ने हाथीनाला तिराहे के पास वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध एंबुलेंस दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
फर्श के नीचे बनाया था खुफिया ठिकाना
वाहन की तलाशी में पुलिस को शुरुआत में कुछ खास नहीं मिला। संदेह होने पर एंबुलेंस के फर्श की बारीकी से जांच की गई। एल्यूमिनियम की चादर के नीचे एक गुप्त कैबिनेट बना मिला। उसे खोलते ही पुलिस के होश उड़ गए। अंदर टेप से पैक किए गए 36 बंडल रखे थे। जांच में इनमें कुल 81.300 किलोग्राम गांजा मिला।पुलिस ने वाहन संख्या WB04F3083 को भी कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान गिरफ्तार चालक के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए।
उड़ीसा से माल, सुल्तानपुर में होना था सौदा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर सरकार पुत्र त्रिशंकु सरकार, निवासी नंबर 02 निशीन्दरा कॉलोनी, फरक्का, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गांजा उड़ीसा के सम्बलपुर से एंबुलेंस में लोड कराया गया था। उसे यह खेप सुल्तानपुर पहुंचानी थी।आरोपी के अनुसार सुल्तानपुर पहुंचने के बाद फोन के जरिए संपर्क करने वाले अज्ञात व्यक्ति या पार्टी को गांजा सौंपना था। इसके बदले उसे रकम मिलनी थी। उसने यह भी बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी करता है और इससे होने वाली कमाई को आपस में बांटता है।
48 लाख की बरामदगी, मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना हाथीनाला में मु0अ0सं0 38/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद 81.300 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये और तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल और नकदी को मिलाकर कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य करीब 48 लाख रुपये है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।कार्रवाई में थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव, एएनटीएफ यूनिट लखनऊ के टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश राम यादव, हेड कांस्टेबल मो. खालिद खां, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह यादव, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल नन्दलाल यादव, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल चालक सुनील कुमार और कांस्टेबल राजन कुमार शामिल रहे। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण एवं निर्देशन में हुई।