सोनभद्र में बनेंगे दो मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, 50 करोड़ रुपये होंगे खर्च
Sonbhadra Model Composite School: सोनभद्र के अरौली और जामपानी में दो मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्कूल पर 25.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे और निर्माण की गुणवत्ता की जांच एमएनआईटी प्रयागराज करेगा।
CM Model School
Sonbhadra Model Composite School: सोनभद्र में ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। जिले में दो मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। इन विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होगी। खास बात यह है कि इन भवनों का निर्माण केवल निर्धारित नक्शे और मानकों के आधार पर ही नहीं होगा, बल्कि गुणवत्ता की जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी निगरानी करेगी। शासन ने निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट कराने की जिम्मेदारी मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), प्रयागराज को सौंपी है।
अरौली और जामपानी में बनेंगे आधुनिक विद्यालय
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय योजना के तहत जिले की राबर्ट्सगंज तहसील के अरौली और दुद्धी तहसील के जामपानी गांव में विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। दोनों परियोजनाओं को शासन से मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण के लिए धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। फिलहाल टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय के निर्माण पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह दोनों विद्यालयों पर कुल 50 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत आएगी।
एमएनआईटी प्रयागराज करेगी निर्माण की गुणवत्ता की जांच
विद्यालयों के निर्माण में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए शासन ने थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट की व्यवस्था लागू की है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के तहत एमएनआईटी प्रयागराज की तकनीकी टीम निर्माण कार्य की जांच करेगी। विशेषज्ञ निर्माण सामग्री, भवन की संरचना और तकनीकी मानकों का परीक्षण करेंगे। इससे निर्माण के दौरान ही कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा सकेगा।
प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक होगी पढ़ाई
इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को एक ही परिसर में शुरुआती शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। इसके लिए स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और मॉड्यूलर कंपोजिट लैब विकसित की जाएंगी। विज्ञान और रोबोटिक्स की पढ़ाई को भी व्यावहारिक तरीके से संचालित करने की योजना है, जिससे विद्यार्थियों को तकनीक और नवाचार से जोड़ा जा सके।
सीएंडडीएस को मिली निर्माण की जिम्मेदारी
दोनों विद्यालयों के निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। शासन की योजना निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कराकर भवनों को शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करने की है। परियोजना पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।