Sonbhadra: संविधान के मूल्यों की रक्षा का अधिवक्ताओं ने लिया संकल्प, न्याय और समानता पर दिया जोर

Sonbhadra News: सोनभद्र में संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का आयोजन, अधिवक्ताओं ने संवैधानिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों के संरक्षण पर दिया जोर।

Update:2026-11-25 18:22 IST

Sonbhadra News: भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा का आधार संविधान है। इसकी मूल भावना को आत्मसात करने और संवैधानिक आदर्शों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र की ओर से संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिवक्ताओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की असली ताकत बताते हुए इनके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व के साथ ही न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका पर भी विचार व्यक्त किए गए।

संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जगजीवन सिंह ने की। संचालन महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पत्रकार राम प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उनके योगदान की सराहना की गई।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान महज कानूनी प्रावधानों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। इसी के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित हुआ है। संविधान की गरिमा बनाए रखना और उसके सिद्धांतों के अनुरूप आचरण करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज पर यह दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि कानून के शासन की रक्षा और नागरिकों के अधिकारों की पैरवी में उसकी अहम भूमिका होती है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे संवैधानिक अधिकार

एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान ने विविधताओं से भरे देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक सूत्र में बांधने का काम किया है। इसकी प्रस्तावना में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श भारतीय गणराज्य की बुनियाद हैं। इन मूल्यों को केवल सरकारी व्यवस्था और कानूनी पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि संविधान ने वंचित, शोषित, गरीब और कमजोर तबकों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा सम्मानजनक जीवन जीने का मजबूत आधार दिया है। सामाजिक न्याय की स्थापना तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को उसके अधिकारों की जानकारी हो और संवैधानिक व्यवस्था के प्रति विश्वास बना रहे। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भी संविधान की भावना और उसके महत्व से परिचित कराने का अवसर मिलता है।

अधिवक्ताओं की रही सहभागिता

कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल भावनाओं को व्यवहार में अपनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। आयोजन में चौधरी यशवंत सिंह, राजेश कुमार यादव, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, शाहनवाज आलम खान, कामता प्रसाद, रामगुल्ली, चतुर्भुज शर्मा, दसरथ यादव, उपेंद्रनाथ, टीटू प्रसाद गुप्ता, रोहित यादव, लाल बहादुर पाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News