दरगाह पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवपाल यादव ने की चादरपोशी, अमन-चैन की मांगी दुआ

Etawah News: शिवपाल सिंह यादव के दरगाह में प्रवेश के साथ ही माहौल में भक्ति, रूहानी सुकून और श्रद्धा की लहर दौड़ पड़ी। शिवपाल यादव ने चादर चढ़ाई और देश-प्रदेश की अमन-शांति, सौहार्द तथा खुशहाली की दुआ मांगी है।

Update:2025-11-14 22:54 IST

Etawah News: इटावा जिले की मशहूर दरगाह अबुल हसन शाह वारसी कटरा साहब खां में आयोजित सालाना उर्स का आगाज शुक्रवार देर शाम आस्था और आध्यात्मिक उत्साह के बीच हुआ। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के पहुंचते ही दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

दरगाह में प्रवेश के साथ ही माहौल में भक्ति, रूहानी सुकून और श्रद्धा की लहर दौड़ पड़ी। शिवपाल यादव ने चादर चढ़ाई और देश-प्रदेश की अमन-शांति, सौहार्द तथा खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे और सभी ने उनके साथ मिलकर दुआ की। उर्स कमेटी के सदस्यों ने बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रम में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालु शिरकत कर रहे हैं। लगातार चादरपोशी, कव्वाली और दुआ की रस्में पूरे उल्लास के साथ जारी हैं।

शिवपाल यादव की मौजूदगी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। शिवपाल यादव ने कहा कि दरगाह पर आने वाला हर व्यक्ति अपनी मनोकामना लेकर आता है और यहां की दुआ कभी खाली नहीं जाती। उन्होंने कहा कि इस दरगाह की रूहानी फिज़ा उन्हें हमेशा सकारात्मक ऊर्जा देती है। पत्रकारों ने जब उनसे बिहार की राजनीति और चुनाव परिणामों पर सवाल पूछा तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह यहां दुआ करने आए हैं।

दरगाह में राजनीति पर चर्चा करना उचित नहीं है। हालांकि विषय बदलते हुए उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में जैसा जनादेश देखने को मिला था, 2027 में उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही देखने को मिलेगा, इसी दौरान बिहार चुनाव परिणाम पर शिवपाल यादव ने संयत अंदाज में कहा कि जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है। जब उनसे पूछा गया कि चुनाव में क्या कमी रह गई, तो उन्होंने इशारों में ही कहा कि यदि कहीं कोई कमी रह भी गई है, तो उसे आगामी चुनावों में पूरा कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News