Hapur News: गंग नहर में डूबे युवक का शव हापुड़ में मिला, तीन दिन बाद खत्म हुई तलाश; मचा कोहराम

Hapur News: मुरादनगर गंग नहर में नहाते समय तेज बहाव में लापता हुए 42 वर्षीय धर्मवीर सिंह का शव तीन दिन बाद हापुड़ के गालंद क्षेत्र के पास रजवाहे में बरामद हुआ।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-30 22:39 IST

Hapur News

Hapur News: गाजियाबाद जनपद के थाना मुरादनगर गंग नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव में लापता हुए 42 वर्षीय व्यक्ति का शव आखिरकार हापुड़ के गालंद क्षेत्र के पास रजवाहे में बरामद हो गया। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नहाते समय गहरे पानी में चले गए थे धर्मवीर

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान धर्मवीर सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र स्थित अमर कॉलोनी, खंडौली रोड के निवासी थे और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-122 स्थित ग्राम पुथला में रह रहे थे। बताया गया है कि गुरुवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ मुरादनगर स्थित गंग नहर घाट पर स्नान करने गए थे।नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चले गए और नहर के तेज बहाव में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया।

एक साथी को बचाया गया, धर्मवीर नहीं मिल सके

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धर्मवीर सिंह के साथ नहा रहे कुलदीप नामक व्यक्ति भी पानी के बहाव में फंस गए थे, लेकिन एसडीआरएफ टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं धर्मवीर सिंह का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद लगातार कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।परिजन और स्थानीय लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे। प्रशासन की टीमें भी नहर किनारे विभिन्न स्थानों पर निगरानी बनाए हुए थीं।

हापुड़ के गालंद क्षेत्र में मिला शव

शनिवार को हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गालंद के पास स्थित एक रजवाहे में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।पहचान की प्रक्रिया के बाद पुष्टि हुई कि शव मुरादनगर गंग नहर में लापता हुए धर्मवीर सिंह का ही है। शव मिलने की खबर मिलते ही परिजन हापुड़ पहुंच गए। शव की पहचान होते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।इस संबंध में सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि मुरादनगर गंग नहर में डूबे धर्मवीर सिंह का शव गालंद क्षेत्र के पास रजवाहे में मिला है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News